भारत

अहमदाबाद विमान हादसा: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शोक की लहर, बेटी से मिलने लंदन जा रही थी अंजू शर्मा

jantaserishta.com
13 Jun 2025 11:33 AM IST
अहमदाबाद विमान हादसा: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शोक की लहर, बेटी से मिलने लंदन जा रही थी अंजू शर्मा
x
कुरुक्षेत्र: अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे के बाद हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी शोक की लहर है। इस हादसे में कुरुक्षेत्र जिले के गांव राम शरण माजरा की एक बेटी अंजू शर्मा की जान चली गई। अंजू कई सालों से अपने परिवार के साथ गुजरात के वडोदरा में रह रही थीं और अपनी बड़ी बेटी से मिलने लंदन जा रही थीं।
अंजू की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि अंजू शर्मा के बुजुर्ग माता-पिता को अब तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई। उनके पिता जगदीश शर्मा, जो भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं, ब्रेन हेमरेज के कारण बिस्तर पर हैं और माता भी लंबे समय से बीमार हैं। ऐसे में परिवार ने उन्हें यह दुखद समाचार बताने से फिलहाल परहेज किया है। परिवार के लोगों का कहना है कि अगर हम अंजू के पिता और मां को जानकारी देंगे तो डर है कि हम उन्हें भी खो देंगे।
अंजू के चाचा, बहन और जीजा शोक व्यक्त करने आने वालों से मिल रहे हैं। वडोदरा में अंजू की छोटी बेटी का डीएनए टेस्ट लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट से पुष्टि हुई कि अंजू शर्मा का निधन हो चुका है। अब अंजू शर्मा के परिवारजन अंतिम संस्कार के लिए वडोदरा जाने की तैयारियां कर रहे हैं। गांव की बेटी की ऐसी विदाई किसी ने नहीं सोची थी।
अंजू के चाचा बालकिशन शर्मा अपने आंसुओं को नहीं रोक पा रहे हैं। मीडिया से बातचीत के समय रोते हुए उन्होंने कहा कि अंजू शर्मा खुशमिजाज थी। वह पूरे परिवार, पूरे कुनबे को जोड़कर रखती थी। उसके जाने से सभी सदमे में हैं। अंजू शर्मा ने विमान में बैठने के बाद अपनी बहन नीलू शर्मा को वीडियो कॉल की थी, लेकिन वह अटेंड नहीं कर पाई, जिसका उसे अभी मलाल है। नीलू शर्मा ने कहा कि अंजू शर्मा ने पूरे परिवार का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसमें उसने कॉल की थी। आठ बहनों में अंजू शर्मा सबसे बड़ी थीं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story