भारत

अहमदाबाद विमान दुर्घटना दुखद, होनी चाहिए जांच: फखरुल हसन चांद

jantaserishta.com
13 Jun 2025 1:10 PM IST
अहमदाबाद विमान दुर्घटना दुखद, होनी चाहिए जांच: फखरुल हसन चांद
x
लखनऊ: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को हुई भीषण विमान दुर्घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस हादसे में कई भारतीय और विदेशी नागरिकों सहित दर्जनों लोगों की जान चली गई। इस दुखद घटना पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और जिम्मेदारी तय करने पर जोर दिया है।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा, “इस हादसे ने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है। न केवल भारतीय, बल्कि विदेशी नागरिकों ने भी अपने प्रियजनों को खोया है। यह बेहद दर्दनाक है कि गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री समेत तमाम लोग इस दुर्घटना का शिकार हुए। समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। इस घटना की गहन जांच होनी चाहिए। ऐसी त्रासदियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।”
चांद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “एक के बाद एक घटनाएं, चाहे रेल हादसे हों या अब यह विमान दुर्घटना, सरकार को आम नागरिकों की जान की कीमत समझनी चाहिए। केवल मुआवजे का ऐलान और शोक व्यक्त करने से काम नहीं चलेगा। जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होगी, ऐसी घटनाएं बार-बार होंगी। सरकार को इस मामले में पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।”
समाजवादी पार्टी ने इस त्रासदी के सम्मान में अपने सभी कार्यक्रमों को तीन दिनों के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। चांद ने कहा, “यह निर्णय पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी संवेदना का प्रतीक है।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। जिम्मेदारी तय करना और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना सरकार की जिम्मेदारी है।
वहीं भाजपा सांसद मितेश रमेशभाई पटेल ने कहा, “ गुरुवार को एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। दुखद बात यह है कि 241 लोगों की जान चली गई। इनमें हमारे पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे, जिनका दुखद निधन अत्यंत दुखद है। गुजरात ने एक महान नेता खो दिया है। विमान में आणंद जिले के 33 यात्री थे, जिनमें मेरे गांव वासद के मेरे सबसे अच्छे मित्र रजनी भाई पटेल के परिवार के तीन सदस्य भी शामिल थे, जिनका भी निधन हो गया। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।”
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story