भारत

विमान दुर्घटना: काली पट्टी बांधेगा ब्रिटिश शाही परिवार, रखा जाएगा एक मिनट का मौन

jantaserishta.com
14 Jun 2025 11:02 AM IST
विमान दुर्घटना: काली पट्टी बांधेगा ब्रिटिश शाही परिवार, रखा जाएगा एक मिनट का मौन
x
लंदन: ब्रिटिश शाही परिवार एयर इंडिया विमान दुर्घटना के पीड़ितों के सम्मान में शनिवार को वार्षिक 'ट्रूपिंग द कलर परेड' के दौरान काली पट्टी बांधेगा। इसके साथ ही एक मिनट का मौन रखा जाएगा। यह वार्षिक परेड किंग चार्ल्स के जन्मदिन के मौके पर आयोजित की जाती है, जिसमें 1,350 से अधिक सैनिक शामिल होते हैं। महल के प्रवक्ता के अनुसार, किंग इस भयानक त्रासदी में मारे गए लोगों, शोक में डूबे परिवारों और दुर्घटना से प्रभावित लोगों के सम्मान में अपने जन्मदिन की परेड में बदलाव चाहते थे। इससे पहले गुरुवार को किंग चार्ल्स एक बयान में इस विमान दुर्घटना पर दुख जता चुके हैं।
जारी किए गए इस बयान में कहा गया है, "अहमदाबाद में हुई भयानक घटना से मेरी पत्नी और मैं बेहद सदमे में हैं। हमारी विशेष प्रार्थनाएं और गहरी सहानुभूति उन सभी परिवारों और दोस्तों के साथ है, जो इस भयावह घटना से इतने सारे देशों में प्रभावित हुए हैं, क्योंकि वे अपने प्रियजनों की खबर का इंतजार कर रहे हैं। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं, जो इस कठिन समय में सहायता और समर्थन कर रहे हैं।" ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सहित कई वैश्विक नेताओं ने अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद लंदन जाने वाले एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
दुर्घटना के बाद स्टार्मर ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "आज का दिन कई ब्रिटिश और भारतीय परिवारों के लिए वाकई दिल दहला देने वाला है। मैं इस भयानक विमान दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं।"
इसके अलावा, यूनाइटेड किंगडम की एयर एक्सीडेंट्स इन्वेस्टिगेशन ब्रांच (एएआईबी) और यूनाइटेड स्टेट्स की फेडरल एविएशन एजेंसी (एफएए) ने दुर्घटना के बाद भारतीय अधिकारियों के साथ जांच में मदद की पेशकश की है।
लंदन जाने वाला बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान गुरुवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 169 भारतीय और 53 ब्रिटिश नागरिक यात्रा कर रहे थे। दुर्घटना में विमान में मौजूद 241 यात्रियों की जान चली गई। इस विमान दुर्घटना के बाद भीषण आग लग गई थी, जिससे धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा। तुरंत फायर ब्रिगेड और नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स टीम समेत आपातकालीन सेवाएं दुर्घटना स्थल पर पहुंच गईं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story