भारत

त्योहारों से पहले हवाई यात्रियों को झटका, चार एयरलाइंस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

SHIDDHANT
8 Oct 2026 9:11 PM IST
त्योहारों से पहले हवाई यात्रियों को झटका, चार एयरलाइंस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज
x
दिल्ली। त्योहारों के मौके पर हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। इंडिगो के बाद अब एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर ने भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है। विमान ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की बढ़ती कीमतों के कारण एयरलाइंस कंपनियों ने यह फैसला लिया है। नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट महंगे हो सकते हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरुवार को घोषणा की कि घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से 400 रुपये से लेकर 1,200 रुपये तक फ्यूल सरचार्ज लिया जाएगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर यह शुल्क 55 डॉलर से लेकर 215 डॉलर तक निर्धारित किया गया है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई दरें 9 अक्टूबर को रात 12 बजे से नई बुकिंग पर लागू होंगी, जबकि एयर इंडिया में उसी दिन सुबह 11 बजे से संशोधित सरचार्ज लागू होगा। कंपनियों के अनुसार, 500 किलोमीटर तक की घरेलू उड़ानों पर 400 रुपये, 501 से 1,000 किलोमीटर पर 600 रुपये, 1,001 से 1,500 किलोमीटर पर 850 रुपये और 1,500 किलोमीटर से अधिक दूरी की उड़ानों पर 1,200 रुपये फ्यूल सरचार्ज लगेगा। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में उत्तरी अमेरिका के लिए 215 डॉलर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डॉलर, यूरोप के लिए 135 डॉलर और पश्चिम एशिया के लिए 55 डॉलर सरचार्ज निर्धारित किया गया है।
वहीं, अकासा एयर ने भी 9 अक्टूबर से फ्यूल सरचार्ज फिर लागू करने का फैसला किया है। घरेलू उड़ानों पर यह शुल्क 375 रुपये से 1,150 रुपये तक होगा, जबकि चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर 2,500 रुपये लिया जाएगा। इससे पहले इंडिगो ने भी 6 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज में 100 से 350 रुपये तक की बढ़ोतरी लागू की थी।
एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों से परिचालन लागत बढ़ रही है। इसी अतिरिक्त खर्च की आंशिक भरपाई के लिए सरचार्ज में बदलाव किया गया है। त्योहारी सीजन में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए अब टिकट बुकिंग पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ सकता है। हालांकि, टिकट की अंतिम कीमत यात्रा की तारीख, मार्ग, उपलब्ध सीटों और अन्य शुल्कों पर भी निर्भर करेगी।
Next Story