भारत

अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला: राऊज एवेन्यू कोर्ट से क्रिश्चियन मिशेल को झटका, रिहाई की याचिका खारिज

jantaserishta.com
8 Aug 2025 12:26 PM IST
अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला: राऊज एवेन्यू कोर्ट से क्रिश्चियन मिशेल को झटका, रिहाई की याचिका खारिज
x
नई दिल्ली: अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर घोटाले में कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल जेम्स को राऊज एवेन्यू कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने मिशेल की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने जेल से रिहाई के निर्देश देने की मांग की थी।
कोर्ट ने कहा कि आरोपी पर कथित तौर पर आईपीसी की धारा 467 के तहत अपराध करने का आरोप है, जिसके लिए आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। ऐसे में यह नहीं कहा जा सकता कि क्रिश्चियन मिशेल जेम्स कथित अपराधों के लिए निर्धारित अधिकतम सजा की अवधि पहले ही काट चुका है।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि धारा 467 लागू होती है या नहीं, यह मुद्दा आरोप तय करने की प्रक्रिया के दौरान तय किया जाएगा। इसलिए फिलहाल उसे रिहा नहीं किया जा सकता।
कोर्ट में ईडी और सीबीआई ने क्रिश्चियन मिशेल जेम्स की याचिका का विरोध किया था। क्रिश्चियन मिशेल ने यह कहते हुए रिहाई की मांग की थी कि जिन अपराधों में उस पर आरोप लगाए गए हैं, उनके लिए अधिकतम सात साल की सजा होती है, और वह यह अवधि पहले ही जेल में काट चुका है।
इसी साल 18 फरवरी को सर्वोच्च न्यायालय ने सीबीआई मामले में मिशेल को जमानत दी थी। इसके बाद, दिल्ली उच्च न्यायालय ने ईडी मामले में भी उसे जमानत दे दी थी, लेकिन मूल जमानत आदेश के अनुसार, आरोपी को 5-5 लाख रुपये का निजी मुचलका और जमानत राशि जमा करनी थी और निचली अदालत में अपना पासपोर्ट जमा करना था, जिसमें भारत में अपने निवास की जानकारी भी देनी थी। इसके खिलाफ क्रिश्चियन मिशेल जेम्स ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, लेकिन वहां से राहत नहीं मिली।
गौरतलब है कि जेम्स को 5 दिसंबर 2018 को संयुक्त अरब अमीरात से भारत प्रत्यर्पित किया गया था। भारत पहुंचने पर उसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया और कुछ दिनों बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उसे गिरफ्तार कर लिया। तब से वह तिहाड़ जेल में है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story