भारत

पति का गला रेतकर मोहल्ले में चिल्लाने लगी महिला, बदमाशों के अटैक की झूठी कहानी गढ़ी

Nil dhankar
1 April 2025 6:32 AM IST
पति का गला रेतकर मोहल्ले में चिल्लाने लगी महिला, बदमाशों के अटैक की झूठी कहानी गढ़ी
x
पढ़े पूरी खबर

हमीरपुर। मेरठ में मुस्कान कांड और औरैया में प्रगति का कांड अभी चर्चा में ही है। दोनों ने अपने प्रेमियों के साथ मिलकर अपने पति की नृशंस हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के लिए शानदार प्लान बनाया लेकिन कुछ दिन बाद पकड़ में आ गईं। अब हमीरपुर में एक पत्नी ने पति की हत्या कर बचने का प्लान बनाया लेकिन कुछ घंटे में ही पकड़ ली गई। मुस्करा कस्बे के वार्ड नंबर दो में तीन बच्चों की मां ने सोमवार को मामूली विवाद के अपने पति का गला चाकू से रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

महिला ने पहले बदमाशों के हमला करने की बात कहते हुए पति की हत्या करने की बात फैलाई। हालांकि पुलिस की पूछताछ में वह अपने ही बयानों में फंस गई और घटना कबूल कर ली। पुलिस ने महिला को अपनी गिरफ्त में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी जांच-पड़ताल की है।

महोबा रोड पर बैजनाथ अग्रवाल विद्यालय के पीछे वाली बस्ती वार्ड नंबर दो में 48 वर्षीय अरविंद रैकवार अपनी 45 वर्षीय पत्नी अनीता और तीन पुत्रों के साथ रहता था। सोमवार को दिन में करीब साढ़े तीन बजे अरविंद नशे की हालत में घर पहुंचा। घर पर सिर्फ अनीता मौजूद थी, तीनों बच्चे बाहर थे। घर पहुंचते ही अरविंद का अनीता से किसी बात लेकर विवाद हो गया। आपा खोते हुए अनीता ने चाकू से पति की गर्दन पर कई वार कर दिए। गर्दन कटने से अरविंद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अनीता ने बदमाशों के घर में घुसकर पति की हत्या करने की बात आस-पड़ोस में फैलाकर सनसनी मचा दी। सूचना पर थाना प्रभारी योगेश तिवारी के साथ सीओ राठ राजीव कुमार सिंह मौका-ए-वारदात पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान अनीता अपने ही बयानों में फंस गई। उसने पति की हत्या की बात कबूली। अरविंद रैकवार के तीन पुत्रों में 18 वर्षीय राजेश कस्बे में ही फल का ठेला लगाता है, जबकि दो पुत्र 16 वर्षीय शिवम और 13 वर्षीय दिनेश पढ़ाई करते हैं।


Next Story