
x
इंदौरा। हिमाचल प्रदेश में दशकों से अवैध खनन की मार झेल रहे नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर और जवाली क्षेत्र में अब पंजाब की तर्ज पर बड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी है। पड़ोसी राज्य पंजाब के पठानकोट में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अवैध खनन और सरकारी भूमि के कथित अवैध हस्तांतरण से जुड़े मामले में की गई कार्रवाई ने हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी उम्मीद जगाई है। लोगों का सवाल है कि जब पंजाब में खनन से जुड़े मामलों में केंद्रीय जांच एजेंसी कार्रवाई कर सकती है, तो हिमाचल प्रदेश के इन क्षेत्रों में दशकों से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वीकृत खनन पट्टों से बाहर हजारों हेक्टेयर भूमि पर अवैध खनन कर उसे बंजर बना दिया गया है और इस कारोबार से जुड़े लोगों ने मोटी कमाई की है।
पंजाब के पठानकोट में ईडी ने इस मामले में पूर्व अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) कुलदीप सिंह और खनन कारोबारी निपुण महाजन को गिरफ्तार किया है। मामला भटियां और गोल गांव की लगभग 92 एकड़ शामलात भूमि के कथित अवैध हस्तांतरण और इसके बाद वहां हुए खनन से जुड़ा है। ईडी की जांच में प्राथमिकी से जुड़े अन्य नामों में वीणा परमार, इंद्रदीप कौर, भारती बंटा, तरसेम रानी, बलविंदर कौर, मनजीत कौर और परवीन कुमारी भी शामिल बताए गए हैं। पंजाब के पठानकोट में ईडी की कार्रवाई के बाद अब हिमाचल प्रदेश सरकार, खनन विभाग और संबंधित जांच एजेंसियों के सामने भी जवाबदेही का सवाल खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों की मांग है कि स्वीकृत खनन पट्टों से बाहर हुई खुदाई का ड्रोन सर्वे करवाया जाए।
Next Story





