भारत

ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद बनाई बैंक लूट की योजना, स्टाफ पर मिर्ची का स्प्रे डाला, लेकिन...

jantaserishta.com
4 Jan 2025 9:30 AM IST
ऑनलाइन गेमिंग में पैसे हारने के बाद बनाई बैंक लूट की योजना, स्टाफ पर मिर्ची का स्प्रे डाला, लेकिन...
x
युवक पकड़ाया.
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक युवक ने बैंक लूटने का प्रयास किया. यहां युवक ने बैंक स्टाफ पर मिर्ची का स्प्रे डाल दिया और लूटने की कोशिश की, लेकिन जब उसे लगा कि लोग उसे पकड़ लेंगे तो वो भाग गया. इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 2 घंटे में उसे पकड़ लिया. जब आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वो ऑनलाइन गेमिंग में काफी पैसे हार गया था, जिसके बाद उसने बैंक लूटने का प्लान बनाया.
पुलिस के मुताबिक, यह मामला पिपलानी इलाके के धनलक्ष्मी बैंक का है. शुक्रवार की दोपहर यहां एक युवक मास्क लगाकर पहुंचा और कहा कि उसे खाता खुलवाना है. जब उससे खाता खुलवाने के लिए एड्रेस मांगा गया तो उसने रेंट एग्रीमेंट दिया, जिस पर बैंक स्टाफ ने उससे कहा कि बैंक में रेंट एग्रीमेंट से खाता नहीं खुलता. इसके अलावा स्टाफ ने उससे चेहरे से मास्क हटाने के लिए भी बोला.
मास्क हटाने के बाद युवक कुछ देर वहां रुका और फिर चला गया. शाम 4 बजे युवक दोबारा बैंक में पहुंचा और बैंक स्टाफ पर मिर्ची का स्प्रे डालना शुरू कर दिया. स्प्रे मारता हुआ युवक कैश काउंटर की ओर जा रहा था, उसी समय बैंक के 4-5 कर्मचारियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह गेट के बाहर निकलकर भाग गया.
बैंक मैनेजर ने तुरंत इस मामले की सूचना पिपलानी थाने में दी. पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिये युवक के भागने का रूट ट्रेस किया और 2 घंटे के अंदर पकड़ लिया. युवक भोपाल से बाहर भागने की फिराक में था.
पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत है, जिसमें वो करीब 2 लाख रुपये हार चुका है. लत ऐसी कि उसने कॉलेज की फीस के अलावा दोस्तों से पैसे उधार लेकर ऑनलाइन गेम खेला और पैसे हार गया. इसके बाद उसने बैंक लूटने का प्लान बनाया. पूछताछ में यह भी बताया कि उसने कई बैंकों की रेकी भी की थी. पुलिस ने आरोपी के पास से उसकी बाइक और मिर्ची स्प्रे जब्त कर लिया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story