भारत

पिता की हत्या के बाद बेटे ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान

jantaserishta.com
14 Aug 2026 11:28 AM IST
पिता की हत्या के बाद बेटे ने मेट्रो के आगे कूदकर दी जान
x
दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
नोएडा: नोएडा के सेक्टर-121 क्षेत्र में सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि एक 16 वर्षीय किशोर ने पहले अपने पिता की धारदार हथियार से हत्या की और इसके बाद सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी तब सामने आई जब किशोर के चाचा ने पुलिस को सूचना देकर उसके पिता के लापता होने की बात बताई। पुलिस ने तलाश शुरू की तो घर के एक कमरे से पिता का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं। जानकारी के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को अरुण शर्मा निवासी थाना फेस-3 क्षेत्र ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भतीजे अमृत शर्मा, उम्र करीब 16 वर्ष, ने 12 अगस्त को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली थी।
अरुण शर्मा ने पुलिस को यह भी बताया कि उनके भाई राजू शर्मा का कोई पता नहीं चल रहा है। उन्होंने बताया कि राजू शर्मा और उनका बेटा अमृत शर्मा थाना फेस-3 क्षेत्र में जगन्नाथ मंदिर के आसपास रहते थे। सूचना मिलने के बाद थाना फेस-3 पुलिस ने राजू शर्मा की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस को तिकोना पार्क, अजनारा समिति की गली नंबर-2 स्थित एक मकान के कमरे से दुर्गंध आने की जानकारी मिली।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो कमरे के अंदर राजू शर्मा का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, शव पर धारदार हथियार से किए गए चोट के निशान दिखाई दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। फोरेंसिक टीम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य कब्जे में लिए। मृतक अमृत शर्मा के पास से दो मोबाइल फोन और कुछ चाबियां बरामद हुई थीं। इनमें एक मोबाइल अमृत का और दूसरा उसके पिता राजू शर्मा का बताया गया है। बरामद चाबियों की मदद से कमरे का ताला खोला गया था।
जांच के दौरान पुलिस को कमरे से अमृत शर्मा के खून से सने कपड़े भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि ये कपड़े उसने बदलने के बाद कमरे में छोड़े थे। फोरेंसिक टीम ने इन कपड़ों को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब बरामद साक्ष्यों और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने यह बात आई कि राजू शर्मा अपने बेटे अमृत को बाहर जाने से रोकते थे।
बताया गया कि अमृत का किसी स्कूल में दाखिला भी नहीं कराया गया था। स्कूल में एडमिशन और बाहर आने-जाने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद रहने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं परिस्थितियों के चलते किशोर मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अमृत ने किन परिस्थितियों में अपने पिता पर हमला किया और इसके बाद मेट्रो स्टेशन पहुंचकर आत्मघाती कदम उठाया। घटनास्थल से मिले खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच इस मामले में अहम मानी जा रही है।
मृतक राजू शर्मा के भाई अरुण शर्मा की तहरीर के आधार पर थाना फेस-3 पुलिस ने अमृत शर्मा को नामजद करते हुए सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story