भारत
कार बुक करने के बाद चाकू दिखाकर लूटी, दो आरोपी गिरफ्तार
jantaserishta.com
1 Sept 2025 5:31 PM IST

x
पुलिस ने 48 घंटों के भीतर कार लूट के मामले को सुलझा लिया है.
नई दिल्ली: बवाना पुलिस ने 48 घंटों के भीतर कार लूट के मामले को सुलझा लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से लूटी गई कार, एक देसी कट्टा, दो कारतूस, अपराध में इस्तेमाल चाकू, शिकायतकर्ता के दस्तावेज और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन की तलाश के लिए जांच जारी है।
घटना 28-29 अगस्त की मध्यरात्रि की है। बवाना पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर कॉल के जरिए शिकायत मिली। शिकायतकर्ता कुंदन ने पुलिस को बताया कि उसकी कार को बवाना चौक से आठ घंटे के लिए बुक किया गया था यात्रा के दौरान दो लोगों ने चाकू की नोक पर कार पर कब्जे में ले लिया। बदमाशों ने
कुंदन से दो मोबाइल फोन, 5,500 रुपये कैश, गूगल पे से 6,000 रुपये, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित उसका पर्स लूट लिया। इसके बाद अपराधी कुंदन को जटोला टोल के पास छोड़कर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर बवाना थाने में मामला दर्ज हुआ, जिसके बाद तुरंत जांच शुरू की गई।
अपराध की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर रजनीकांत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई मोहित, हेड कांस्टेबल आनंद, मनिंदर, सुनील, परवीन, कांस्टेबल सतीश और विजय शामिल थे। इस टीम का गठन एसीपी बवाना जोगिंदर सिंह और डीसीपी हरेश्वर स्वामी के निर्देश पर हुआ।
पुलिस ने सीडीआर, गूगल पे और ओला डेटा की तकनीकी निगरानी की, जिसके बाद एक संदिग्ध नंबर की पहचान हुई। इसके आधार पर औचंदी गांव निवासी आरोपी रोहित उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक देसी कट्टा व दो कारतूस बरामद किए गए।
कड़ी पूछताछ के दौरान रोहित ने बताया कि उसने अपने साथी सुरेंद्र उर्फ सोनू के साथ मिलकर यह वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ के आधार पर लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई। पुलिस ने घोगा गांव निवासी आरोपी सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। सुरेंद्र ने बताया कि लूटे गए मोबाइल को आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पर फेंक दिया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को अपराध में इस्तेमाल चाकू, कुंदन का आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिला।
आरोपी रोहित 30 साल का है और पहले से पांच जघन्य मामलों में शामिल रहा है, जबकि सुरेंद्र उर्फ सोनू भी इस वारदात में शामिल पाया गया। पुलिस ने लूटी गई कार के अलावा अन्य सामान भी बरामद किया है पुलिस ने बताया कि लूटे गए मोबाइल फोन की तलाश के लिए जांच जारी रहेगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





