भारत
हथियार-गोला बारूद के बाद करोड़ों रुपए की ड्रग्स बरामद, सीमापार से हो रहा है ऑपरेट
jantaserishta.com
3 Sept 2025 5:41 PM IST

x
बड़ा एक्शन.
नई दिल्ली: सैन्य बलों ने मणिपुर में संचालित होने वाले एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह ड्रग्स सिंडिकेट सीमापार से ऑपरेट करता है और मणिपुर में जमीन के नीचे खतरनाक ड्रग्स छुपाकर इस अवैध धंधे को अंजाम दे रहा था। सैन्य बलों ने ड्रग्स सिंडिकेट के इरादे नाकाम करते हुए मणिपुर में करीब 7 करोड़ रुपए के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। असम राइफल्स के मुताबिक यह कार्रवाई भारत-म्यांमार सीमा के निकट की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले हाल ही में खुफिया सूत्रों व सूचनाओं के आधार पर सेना मणिपुर में अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद कर चुकी है। असम राइफल्स के मुताबिक, उन्होंने यह कार्रवाई नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान के दौरान की। इस संयुक्त कार्रवाई के अंतर्गत मणिपुर के चंदेल जिले में सुरक्षा बल पहुंचे। यहां चंदेल जिले के साजिक ताम्पाक क्षेत्र में दबिश दी गई।
असम राइफल्स के मुताबिक यह क्षेत्र भारत-म्यांमार सीमा के निकट स्थित है। यहां से सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थों का जखीरा पकड़ा। सुरक्षाबलों ने कुल 138.5 किलोग्राम अफीम बरामद की। बरामद की गई अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6.9 करोड़ रुपए आंकी गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह अफीम अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करों द्वारा अवैध रूप से लाई गई थी। सीमा पार के ड्रग्स सिंडिकेट इस पूरे रैकेट में लिप्त बताए जाते हैं। सीमा पार के इन गिरोहों द्वारा ड्रग्स जमीन के अंदर दबाकर छिपाई गई थी। बरामद नशीले पदार्थों को इम्फाल स्थित नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हवाले कर दिया गया है। असम राइफल्स का कहना है कि अब इस मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ही आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है। असम राइफल्स की ये कार्रवाई एक ओर अंतरराष्ट्रीय सीमा से होने वाली नशे की तस्करी पर कड़ा प्रहार है, वहीं दूसरी ओर अवैध हथियारों की गतिविधियों पर भी रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
गौरतलब है कि इसी सप्ताह सैन्य बलों ने मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में उग्रवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सैन्य कार्रवाई में तीन उग्रवादी कैडर को गिरफ्तार किया गया व भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इसमें 53 अवैध हथियार शामिल हैं। इसके अलावा सात आईईडी, ड्रग्स और अन्य युद्ध-संबंधी गोला बारूद भी बरामद किया गया है। संयुक्त अभियान में मोर्टार, इंसास राइफल, कार्बाइन, पिस्टल, ग्रेनेड व बुलेटप्रूफ कवर बरामद हुए हैं। वहीं 110 राउंड एके-47, 16 राउंड एलएमजी, और सैन्य वर्दी भी जब्त की गई है।
Tagsमणिपुरहथियार-गोला बारूद के बाद करोड़ों रुपए की ड्रग्स बरामदसीमापारManipurafter arms and ammunition drugs worth crores of rupees recoveredacross the border
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





