भारत

रिसेप्शन पार्टी में हवाई फायरिंग, सोशल मीडिया में वायरल होते ही उड़ी पुलिस की नींद

Nilmani Pal
5 Dec 2021 2:22 PM GMT
रिसेप्शन पार्टी में हवाई फायरिंग, सोशल मीडिया में वायरल होते ही उड़ी पुलिस की नींद
x
जांच में जुटी पुलिस

बिहार। शादी ब्याह जैसे पवित्र और खुशनूमा मौके पर हर्ष फायरिंग सिर्फ और सिर्फ दहशत और खुशी में खलल पैदा करता है। यह काम गैरकानूनी भी है। कई बार हर्ष फायरिंग में रिश्तेदार, डांसर और वीडियो ग्राफर की मौत भी हो चुकी है। पुलिस भी इसे रोकने के लिए गंभीर प्रयास के दावे भी करती रहती है। लेकिन ऐसी घटनाओं से न लोग तौबा कर रहे हैं और न पुलिस लगाम लगाने में कामयाब है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर का है जहां एक रिसेप्शन पार्टी में एक ओर संगीत की महफिल जमी थी तो दूसरी और एक शख्स ने अपने पिस्टल से एक के बाद एक चार हवाई फायरिंग करके रंगीन माहौल को दहशत से धुंआ-धुंआ कर दिया। अब पुलिस टॉर्च लेकर उस पिस्टलबाज की तलाश कर रही है। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

मुजफ्फरपुर में एक बार फिर हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कोर्ट और जीन्स पहने हुए एक शख्स हाथ मे पिस्टल लेकर सरेआम फायरिंग कर रहा है। एक ओर मंच पर संगीत की तान के बीच दूल्हा दुल्हन एक एक पल को यादगार बना रहे हैं तो दूसरी ओर यह इंसान खुशी के रंग में बारूद भर रहा है। यह वीडियो नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले का बताया जा रहा है। शहरी इलाके में पुलिस की नाक के नीचे यह गैरगानूनी काम किया गया अबतक पुलिस को इसकी भनक तक नही लगी। वीडियो किस इलाके का है और फायरिंग करने वाला कौन है, यह पता लगाने में पुलिस जुट गयी है। नगर डीएसपी रामनरेश ने बताया है कि पुलिस वीडियो की जांच कर रही है। यह वीडियो एक रिसेप्शन पार्टी का है जहां काफी लोगों की भीड़ लगी है। इसी दौरान यह व्यक्ति स्टेज से कुछ दूरी पर एक हाथ ऊपर उठाकर हवा में ताबड़तोड़ गोलियां दाग रहा है। वीडियो के मुताबिक वह चार राउंड फायरिंग करता है। इसके बाद वह पीछे हट जाता है। सोशल मीडिया पर चर्चा है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति पुलिस का करीबी है। अक्सर वह शहर में कार से आते जाते देखा जाता है। कई बार उसे थाना पर भी आते जाते देखा गया है।

डीएसपी नगर रामनरेश पासवान कहते हैं कि यह काम पूरी तरह से गैरकानूनी है। पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। वीडियो से गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार लाइसेंसी है या अवैध। लाइसेंसी हथियार होने कि स्थिति में उसे रद्द करने की अनुशंसा की जाएगी। मुजफ्फरपुर में हर्ष फायरिंग की घटनाएं बार बार पुलिस को चुनौति दे रही हैं। लेकिन अभी तक कोई कारगर कार्रवाई नही हो सकी है। कुछ दिन पहले कुढ़नी में राजद के प्रखंड अध्यक्ष खुर्शीद आलम का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमे वह घोड़े पर सवार होकर बन्दूक से फायरिंग कर रहा था। इस मामले में पुलिस ने अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उसके पहले एक जनप्रतिनिधि के बेटे का पिस्टल लहराते वीडियो वायरल हुआ था। जीत के जश्न में ऑरकेष्ट्रा गर्ल के ठुमके पर वह पिस्टल लहरा रहा था। इस मामले में भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि है। हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस की तरफ से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ही दिन पर दिन इस तरह की घटनाएं घट रही है।



Next Story