
x
फेरबदल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक और फेरबदल करते हुए रविवार शाम चार आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। नई सूची में फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी और फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष समेत महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। इससे दो दिन पहले शुक्रवार देर रात पांच जिलाधिकारियों सहित 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले हुए थे। ताजा आदेश के अनुसार, वर्ष 2022 बैच के आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह को फिरोजाबाद का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वह अभी तक यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर तैनात थे। अब उन्हें जिले में विकास कार्यों से जुड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आगरा में अपर आयुक्त के पद पर कार्यरत प्रतिभा सिंह को फिरोजाबाद-शिकोहाबाद विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, फिरोजाबाद के मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य को श्रम विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। वंदना त्रिपाठी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र यानी एनसीआर का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इन चार तबादलों से पहले शुक्रवार को हुए व्यापक फेरबदल में मुजफ्फरनगर, सीतापुर, महाराजगंज, बिजनौर और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी बदले गए थे। कई विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और जिलों के मुख्य विकास अधिकारी पदों पर भी बदलाव किए गए थे।
सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर. को निदेशक सूडा बनाया गया था। उनकी जगह लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई थी। महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की अदला-बदली भी की गई। गौरव सिंह सोगरवाल को महाराजगंज से सिद्धार्थनगर भेजा गया, जबकि शिवशरणप्पा जीएन को सिद्धार्थनगर से महाराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया।
मुजफ्फरनगर में उमेश मिश्रा की जगह सुनील कुमार सिंह को जिलाधिकारी नियुक्त किया गया था। उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग में विशेष सचिव बनाया गया। बिजनौर के जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी मिली, जबकि जोगिंद्र सिंह को बिजनौर का नया जिलाधिकारी बनाया गया। नगर निगमों में भी बदलाव के तहत हिमांशु नागपाल को वाराणसी से गाजियाबाद का नगर आयुक्त बनाया गया था। गोरखपुर के सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त और अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया था।
Next Story





