भारत

कमलनाथ से आदित्य ठाकरे ने पूछी शपथ ग्रहण की तारीख

jantaserishta.com
22 Sept 2023 8:49 PM IST
कमलनाथ से आदित्य ठाकरे ने पूछी शपथ ग्रहण की तारीख
x
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के पांढुर्ना में शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण समारोह में हिस्सा लेने आए महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने मंच से ही कमलनाथ से पूछ लिया कि मुख्यमंत्री की शपथ की तारीख और समय कौन सा है।
आदित्य ठाकरे ने मंच पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मुख्मयंत्री कमलनाथ की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि मैं तो यही पूछने आया हूं कि मुख्यमंत्री पद की शपथ की तारीख और समय कौन सा है। मुझे आपको वापस उस कुर्सी पर देखना है, सिर्फ आपके लिए नहीं बल्कि इस प्रदेश के लिए और जनता के लिए। शुक्रवार को पांढुर्ना में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। हम सभी को शिवाजी महाराज से सीखना होगा, कैसे संघर्ष किया जाए, कैसे लोकशाही के साथ शिवशाही की स्थापना की जाए। आने वाले चुनाव में हम सभी को सतर्क रहना होगा और मुझे पूरा विश्वास है कि मध्य प्रदेश की जनता अपने वोट का सही उपयोग करेगी और सच्चाई का साथ देगी। कमलनाथ ने आगे कहा कि आज मध्य प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चिंता यहां बढ़ती बेरोजगारी की है, प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा बेरोजगार हैं। भाजपा की 18 साल की सरकार में मध्य प्रदेश को बेरोजगारी में नंबर वन, भ्रष्टाचार में नंबर वन, आदिवासी अत्याचार में नंबर वन, महिला अत्याचार में नंबर वन, बना दिया है। आज प्रदेश का हर नागरिक भ्रष्टाचार का शिकार है। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार की एक ऐसी व्यवस्था बनाई है कि पैसा दो और काम लो। जिसके कारण मध्य प्रदेश में निवेश नहीं आता है। आज मध्य प्रदेश पर किसी का भरोसा नहीं है जबकि मध्य प्रदेश पांच प्रदेशों से घिरा हुआ है। मैंने छिंदवाड़ा जिले में सबसे ज्यादा स्किल डेवलपमेंट सेंटर खुलवाए हैं और मेरी कोशिश रही है कि मैं ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार दिलवा सकूं।
उन्होंने आगे कहा कि 2018 में जनता के विश्वास से कांग्रेस की सरकार बनी थी हमने 15 महीने की सरकार में अपनी नीति और नियत का परिचय दिया, मेरा प्रयास था कि मध्य प्रदेश को एक विश्वास का प्रदेश बनाएं। मध्य प्रदेश की पहचान माफिया से न हो, मिलावट से न हो, इसके लिए मैंने माफिया के खिलाफ अभियान चलाया, मिलावट खोरी के खिलाफ अभियान चलाया।
उन्होंने आगे कहा कि मैंने अपनी सरकार में कृषि क्षेत्र में मजबूती आए, इसके लिए 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, वह पहली किस्त में ही माफ हो गया। दूसरी किस्त आने वाली थी और भाजपा ने खरीद-फरोख्त कर सरकार गिरा दी। मध्य प्रदेश की हमारी सरकार को मात्र साढ़े ग्यारह महीने काम करने का मौका मिला, जिसमें हमारी सरकार ने सभी प्रकार की पेंशन दुगनी करने का काम किया, कन्या विवाह की राशि बढ़ाई, पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया, हजारों गौशालाओं के निर्माण को स्वीकृति दी। दूसरी तरफ 18 वर्षों की भाजपा सरकार में शिवराज सिंह जी ने ऐसी व्यवस्था बनाई है कि पंचायत से लेकर मंत्रालय तक भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार है।
कमलनाथ ने कहा कि आज समय आ गया है कि भाजपा की राजनीति को समझने का, भाजपा की राजनीति बांटने की राजनीति है। यही भाजपा 2014 में नए-नए नारे दिया करती थी, तरह-तरह के वादे करती थी, हम यह कर देंगे हम वह कर देंगे लेकिन जब 2019 का चुनाव आया तो उन्होंने अपने किए गए वादों पर बात नहीं की, बल्कि जनता का ध्यान भटकाकर राष्ट्रवाद की बात करने लगे, सर्जिकल स्ट्राइक बताने लगे, तो हम सभी को भाजपा की इस ध्यान भटकाने की राजनीति को समझना होगा। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि मध्य प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री कमलनाथ सभी को अपना मानकर मदद करते हैं। कमलनाथ परिवार के मुखिया जैसे सभी का हाल-चाल, सुख-दुख पूछते रहते हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा की वर्षों पुरानी मांग आज आपके कारण पूरी हुई है।
उन्होंने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि महाराष्ट्र में सौदेबाजी करके जनता की चुनी गई सरकार गिरा दी गई, इसी तरह से मध्य प्रदेश एवं कर्नाटक में भी खरीद-फरोख्त करके सरकारें गिराई गई। कर्नाटक की जनता ने गलत तरीकों से सरकार बनाने वालों को सबक सिखा दिया है और अब मध्य प्रदेश की बारी है। मध्य प्रदेश की जनता को एक बार पुनः कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाना होगा। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने भाजपा द्वारा इंडिया और भारत को लेकर देश का ध्यान भटकने का आरोप भी लगाया और कहा कि इंडिया, भारत, हिंदुस्तान सब एक है। आने वाले चुनाव में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना सभी राज्यों में कांग्रेस की बहुमत की सरकार बनेगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story