
x
VIDEO
Bihar बिहार: भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी के साथ बिहारशरीफ में एक कार्यक्रम के दौरान हंगामा होने का मामला सामने आया है। एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची अभिनेत्री को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। घटना बिहारशरीफ के लहेरी थाना क्षेत्र के नाला रोड इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, काजल राघवानी एक आभूषण शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। उनके आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।
बिहार शरीफ में काजल राघवानी पर हमला!
— Afjal Raj Guru (@afjalrajguru) September 19, 2026
भीड़ का प्यार कब खौफ में बदल जाए, कहा नहीं जा सकता।
बिहार शरीफ में एक Showroom Opening के दौरान Actress काजल राघवानी की झलक पाने के लिए उमड़ी बेकाबू भीड़ ने उनकी Car पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए।
Police की मौजूदगी में भी ऐसी घटना होना सुरक्षा… pic.twitter.com/dBu5PCaDPD
अभिनेत्री की एक झलक पाने उमड़ी भीड़
बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल के आसपास हजारों की संख्या में लोग जमा हो गए थे। भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। कई लोगों को कार्यक्रम स्थल के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद कुछ युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब काजल राघवानी बाहर निकलने लगीं तो भीड़ ने उन्हें घेर लिया।
पुलिस और बाउंसरों ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और अभिनेत्री के साथ मौजूद बाउंसरों ने मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद काजल राघवानी को सुरक्षित तरीके से उनकी कार तक पहुंचाया गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित तौर पर कार पर पत्थर फेंक दिए। पथराव में कार के कई शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सांस्कृतिक कार्यक्रम करना पड़ा रद्द
हंगामे के कारण कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम आयोजन को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
कार्यक्रम की अनुमति को लेकर सवाल
एसडीओ किसलय श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से लिखित सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अभिनेत्री अपने काफिले के साथ बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान कुछ लोग प्रवेश नहीं मिलने से नाराज हो गए और हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है और हंगामा करने वाले लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना के बाद कलाकारों की सुरक्षा और बड़े आयोजनों में भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Next Story





