भारत

एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने बांग्लादेशी सैनिकों को चेतावनी दी, बॉर्डर पर फेंसिंग कार्य में न डाले बाधा

Nilmani Pal
29 May 2026 7:31 AM IST
एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने बांग्लादेशी सैनिकों को चेतावनी दी, बॉर्डर पर फेंसिंग कार्य में न डाले बाधा
x

पश्चिम बंगाल। बीजेपी की सरकार बनने के महज 45 दिनों के भीतर सीमा पर बाड़ लगाने के काम में बड़ी तेजी आई है. जैसे ही ये काम शुरू हुआ, कूचबिहार के 'तीन बीघा कॉरिडोर' के पास बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (BGB) ने इसमें रुकावट डालने की कोशिश की. इसे लेकर बीजेपी नेता और एक्टर मिथुन चक्रवर्ती ने चेतावनी दी है.

कूचबिहार में एक कैंसर सेंटर के दौरे पर आए मिथुन चक्रवर्ती ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, 'उन्होंने (BGB) रुकावटें डालने की बात कही थी, अब देखो अगर वो सचमुच ऐसा करते हैं तो क्या होता है.' मिथुन चक्रवर्ती ने आगे कहा कि वो इस मामले पर बहुत ज्यादा नहीं बोलना चाहते, क्योंकि गुस्से में वो कुछ उल्टा-सीधा कह सकते हैं. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उन्होंने काम रोकने की धमकी दी थी, इसलिए अब सिर्फ इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए कि इसके क्या नतीजे होते हैं.

मिथुन चक्रवर्ती ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंपने के राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के फैसले की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि सबसे पहले घुसपैठ को रोकना बेहद जरूरी है, जिसके लिए ये कटीले तारों की बाड़ लगाना बिल्कुल जरूरी है. उन्होंने याद दिलाया कि बीजेपी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान ही घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर बाड़ लगाने का ऐलान किया था और सत्ता में आते ही पार्टी ने अपना ये वादा पूरा कर दिया है.

बता दें कि बंगाल के शुभेंदु अधिकारी ने 11 मई को मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने अपनी सबसे पहली कैबिनेट बैठक में ही बीएसएफ को जमीन ट्रांसफर करने का फैसला लिया था. इसके तुरंत बाद, पूरे राज्य में बीएसएफ को जमीन सौंपने का प्रशासनिक काम तेजी से शुरू कर दिया गया. इस फैसले के तहत कूचबिहार की मेखलीगंज के तीन बीघा कॉरिडोर के पास काल्सीग्राम गांव में जब भूमि और भूमि सुधार विभाग के अधिकारी जमीन की नपाई करने पहुंचे, तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा. वहां बॉर्डर गार्ड्स बांग्लादेश (BGB) ने उनके लैंड सर्वे (जमीन सर्वेक्षण) के काम में रुकावट पैदा की.


Next Story