भारत

महाकुंभ को लेकर गलत सूचनाएं फैलाने वालों पर एक्शन जारी, FIR दर्ज

jantaserishta.com
4 Feb 2025 12:40 PM IST
महाकुंभ को लेकर गलत सूचनाएं फैलाने वालों पर एक्शन जारी, FIR दर्ज
x

सांकेतिक तस्वीर

फैलाई अफवाह.
प्रयागराज: महाकुंभ को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक/झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ यूपी पुलिस एक्शन ले रही है. इस कड़ी में बांदा के पूर्व विधायक बृजेश कुमार प्रजापति के बाद अब आधा दर्जन से अधिक एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर कार्रवाई की गई है. आरोप है कि इन लोगों ने नेपाल की घटना से संबंधित एक वीडियो को महाकुंभ का बताकर अफवाह फैलाई थी.
दरअसल, हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें दावा किया गया कि महाकुंभ में भगदड़ के दौरान एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और उनके परिजन शवों को कंधे पर ढोकर ले जा रहे हैं. हालांकि, यूपी पुलिस के फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला.
प्रयागराज की कुंभ मेला पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो नेपाल की एक पुरानी घटना से संबंधित है, जिसका महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है. पुलिस ने इसे गलत तरीके से महाकुंभ से जोड़ने को अफवाह फैलाने की कोशिश बताया. अब महाकुंभ को लेकर झूठी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए 7 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट और एक इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
एसएसपी (कुंभ) राजेश द्विवेदी ने बताया- सोशल मीडिया पर महाकुंभ को लेकर गलत सूचनाएं फैलाने वाले 7 एक्स अकाउंट और एक इंस्टाग्राम अकाउंट के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. ऐसे किसी भी भ्रामक प्रचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
फिलहाल, कुंभ मेला पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर जनता से अपील की है कि किसी भी वीडियो या खबर को बिना जांचे-परखे शेयर न करें. पुलिस का कहना है कि इस तरह की अफवाहें न केवल समाज में दहशत फैलाती हैं, बल्कि बड़े धार्मिक आयोजनों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाती हैं.
बता दें कि पुलिस ने जिम 7 सोशल मीडिया अकाउंट को अफवाह फैलाने के लिए चिन्हित किया है उसमें- ब्रजेश कुमार प्रजापति (@brajeshkmpraja), राजन शाक्य (@RAJJANS206251), अशफाक खान (@AshfaqK12565342), सत्य प्रकाश (@Satyapr78049500), प्रियंका मौर्य (@Priyank232332), आकाश सिंह भारत (@Akashsinghjatav) और अभिमन्यु सिंह (@Abhimanyu1305) शामिल हैं.
इसके अलावा इंस्टाग्राम एकाउंट, टाइगर यादव (@tigeryadav519) से भी एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें नाट्य रूपांतरण करते हुए यह दिखाया जा रहा था कि कुंभ मेला में मृतकों के शवों को नदी में प्रवाहित कराया जा रहा है. साथ ही बताया जा रहा था कि जिनकी सांस चल रही है, उनकी किडनी को निकाल कर उनके शवों को नदी में प्रवाहित किया जा रहा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story