तिहाड़ जेल में आरोपी तहव्वुर राणा को रखा जाएगा, सुरक्षा बढ़ाई गई

दिल्ली। अमेरिका से प्रत्यर्पित किए गए 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से विशेष विमान के जरिए आज भारत लाया जा रहा है. वह गुरुवार दोपहर दिल्ली पहुंचेगा, जहां उसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया जाएगा. इसके बाद उसे राजधानी की तिहाड़ जेल में रखा जाएगा, जहां उसकी सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. इससे पहले राणा को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां एनआईए आरोपी की कस्टडी की मांग करेगी.
जानकारी के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियों की सिफारिश पर राणा को विशेष एनआईए न्यायाधीश के समक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किए जाने की संभावना है. सूत्रों के अनुसार, यदि वर्चुअल पेशी संभव नहीं होती, तो उसे विशेष न्यायाधीश के आवास पर शारीरिक रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है, क्योंकि महावीर जयंती के चलते कोर्ट बंद रहेगी.
इस हाई-प्रोफाइल मामले की सुनवाई दिल्ली स्थित विशेष एनआईए अदालत में होगी. फरवरी 2024 में पटियाला हाउस कोर्ट ने मुंबई हमलों से संबंधित ट्रायल रिकॉर्ड वापस मंगवाए थे. यह फैसला NIA की उस याचिका पर लिया गया था जिसमें मुंबई से सभी केस रिकॉर्ड दिल्ली स्थानांतरित करने की मांग की गई थी. अब चूंकि केस की सुनवाई दिल्ली में होगी, राणा को मुंबई नहीं ले जाया जाएगा.
तहव्वुर राणा पाकिस्तान सेना का पूर्व कप्तान और कनाडा-निवासी व्यवसायी है. उस पर आरोप है कि उसने अमेरिका में अपनी इमिग्रेशन फर्म का दुरुपयोग कर 26/11 हमले के सह-षड्यंत्रकारी डेविड हेडली को फर्जी दस्तावेज़ उपलब्ध कराए, जिनका उपयोग मुंबई में रेकी के लिए किया गया. उसने नवंबर 2008 में खुद भी मुंबई की यात्रा की थी. बताया जाता है कि उसने पवई स्थित होटल रेनैसांस में ठहरकर हमले की लॉजिस्टिक तैयारियों की समीक्षा की थी.





