भारत
आरोपी सिया गोयल का मोबाइल जब्त, FSL रिपोर्ट से खुलेंगे कई राज: पुलिस
jantaserishta.com
27 Jun 2026 5:44 PM IST

x
पुणे: पुणे के 26 साल के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी सिया गोयल के परिजनों से लगातार दूसरे दिन पूछताछ हुई। शनिवार को सिया के माता-पिता और उसका भाई साहिल लोनावला पुलिस थाने में हाजिर हुए, जहां पुलिस ने उनसे केतन हत्याकांड में पूछताछ की।
पुणे ग्रामीण के डीएसपी गजानन टोम्पे ने न्यूज एजेंसी से बात करते हुए कहा, "आज सिया के माता-पिता को पूछताछ और उनके बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। अभी उनके बयान लिए जा रहे हैं। जांच के तहत उनके भाई से भी पूछताछ की गई। जो भी जानकारी सामने आएगी, उसे रिकॉर्ड में लिया जाएगा। आज हम उनके माता-पिता और कुछ दोस्तों के साथ भी पूछताछ कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि संबंधित लोग पूरा सहयोग कर रहे हैं और सही जानकारी दे रहे हैं, केस से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। हम तय कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार बयान दर्ज करने का काम करेंगे। आरोपी से सबूत के तौर पर मोबाइल फोन जैसी चीजें जब्त की गई हैं और उन्हें एफएसएल भेजा जा चुका है। जांच अधिकारी जांच के लिए जो भी सही समझेंगे, हम उसी आधार पर आगे बढ़ेंगे।
इससे पहले शुक्रवार को सिया के भाई साहिल से पुलिस ने लगभग 10 घंटे पूछताछ की थी। लोनावला ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि साहिल को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और कई घंटे तक पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, साहिल शुक्रवार सुबह पूछताछ के लिए पहुंचा था और देर शाम उसे जाने की अनुमति दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने उससे सिया और सह-आरोपी चेतन चौधरी के रिश्ते, उनके संपर्क और मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं पर सवाल पूछे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में साहिल ने कहा, "अगर सिया ने कहा होता कि उसे केतन पसंद नहीं है, तो हम शादी रुकवा देते।"
इस मामले में सिया गोयल पर मंगेतर केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है। शुरुआत में उनकी मौत को ट्रेकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था, लेकिन बाद में जांच में इसे सुनियोजित हत्या की साजिश बताया गया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





