
x
इलाज के लिए नहीं थे पैसे, दोस्तों संग की चोरी
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में चोरी की एक वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान एक व्यक्ति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने मकान से डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 5 लाख 59 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 3 नवंबर 2026 को चरगवां थाना क्षेत्र के बिजौरी गांव में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धर्मपुरा गया हुआ था। वहीं, परिवार का बेटा अनाज बेचने जबलपुर मंडी गया था। इसी दौरान बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया। दोपहर करीब 12 बजे परिवार के बेटे को फोन पर घर का ताला टूटने की सूचना मिली। परिवार के सदस्य जब वापस पहुंचे तो मकान के अंदर अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। उसमें रखे डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रुपेश चौधरी की पत्नी बीमार थी और जबलपुर के एक अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। इलाज के लिए रुपेश को पैसों की जरूरत थी, लेकिन रकम का इंतजाम नहीं हो पा रहा था। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी परेशानी दोस्तों हेमंत चक्रवर्ती और सद्दाम उर्फ इमरान को बताई। इसके बाद तीनों ने कथित तौर पर चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने बिजौरी गांव में एक सूने मकान में प्रवेश कर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात के बाद तीनों ने चोरी की रकम और आभूषणों का आपस में बंटवारा कर लिया। डेढ़ लाख रुपये की नकदी में से प्रत्येक के हिस्से में 50 हजार रुपये आए। पुलिस के मुताबिक, रुपेश ने चोरी के कुछ आभूषण गोटेगांव के एक सुनार को 10 हजार रुपये में बेच दिए थे। वहीं, सद्दाम ने चोरी का सोने का हार कृष्ण कुमार चक्रवर्ती के पास रख दिया था। कृष्ण कुमार अंडे की दुकान संचालित करता है।
थाना प्रभारी सरोजिनी चौकसे ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच के बाद रुपेश चौधरी (32), हेमंत चक्रवर्ती (25), सद्दाम उर्फ इमरान (32) और कृष्ण कुमार चक्रवर्ती (37) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल एक आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है।
Next Story





