
x
बिहार से दबोचा
दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को गोल्फ लिंक्स इलाके में कारोबारी के घर हुई सनसनीखेज सशस्त्र डकैती के मामले में बड़ी सफलता मिली है। एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल (AEKC) ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बिहार के मधुबनी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर कारोबारी के घर से 30 से 35 लाख रुपये की नकदी और आभूषण लूटने की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, वारदात 16 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली के पॉश इलाके गोल्फ लिंक्स में हुई थी। आरोपी कारोबारी के घर घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। आरोप है कि उसने 7 से 8 हथियारबंद बदमाशों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची थी। बदमाशों ने घर में घुसकर नकदी और कीमती आभूषण लूट लिए थे।
इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन घरेलू सहायक के रूप में काम करने वाला मुख्य संदिग्ध लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने तकनीकी निगरानी, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और स्थानीय खुफिया सूचनाओं की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया।
इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने बिहार के मधुबनी जिले में दबिश दी। 31 अक्टूबर 2026 को घोघरडीहा रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम संजीव यादव के निर्देशन और स्पेशल सीपी क्राइम एचजीएस धालीवाल की समग्र निगरानी में की गई। टीम में एसआई इमरान और अंकुर, एएसआई दीपचंद और उमेश कुमार सहित हेड कांस्टेबल योगराज, मनोज, संदीप, मनीष, मुकेश चौधरी और अनूप शामिल थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह गिरफ्तारी फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





