भारत

शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, दो हफ्ते से थानों के चक्कर काट रही युवती

SHIDDHANT
8 Nov 2026 9:35 PM IST
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, दो हफ्ते से थानों के चक्कर काट रही युवती
x
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले दो सप्ताह से पुलिस थानों के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। मामला थाना नाका और हुसैनगंज के क्षेत्राधिकार के बीच उलझा बताया जा रहा है।
पीड़िता के मुताबिक, करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी बातचीत शोएब नामक युवक से शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि शोएब ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। अब युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया है।
युवती का आरोप है कि शोएब किसी दूसरी युवती से शादी करने जा रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद उसने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि कार्रवाई की बात करने पर शोएब उसे चुप रहने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता के अनुसार, वह लगातार दो सप्ताह से थानों के चक्कर काट रही है। नाका पुलिस ने मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र का बताया। थानों में सुनवाई नहीं होने से परेशान युवती पुलिस उपायुक्त पश्चिम के कार्यालय पहुंची, लेकिन वहां संबंधित अधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी। कार्यालय के कर्मचारियों ने उसे गणेशगंज पुलिस चौकी जाने की सलाह दी।
एक तरफ लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ पीड़िता ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने और असुरक्षित महसूस करने की बात कही है। फिलहाल युवती पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है। मामले में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
Next Story