भारत
180 नाबालिगों के शोषण का आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी साइबर सेल...घर पर चला बुलडोजर
jantaserishta.com
15 April 2026 3:28 PM IST

x
350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है.
अमरावती: महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 180 नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और 350 से ज्यादा आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का आरोप है।
आरोपी की पहचान मोहम्मद अयाज उर्फ तनवीर के रूप में हुई है, जो परतवाड़ा शहर का रहने वाला बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। वह पहले उनसे दोस्ती करता और फिर धीरे-धीरे उन्हें लव ट्रैप में डालकर अपने साथ मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों में ले जाता था।
पुलिस के मुताबिक, इन शहरों में ले जाकर वह कथित तौर पर लड़कियों का शोषण करता और उनके आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करता था। जांच में यह भी पता चला है कि इन वीडियो का इस्तेमाल बाद में पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था और उन्हें जबरन गलत कामों में धकेला जाता था। कुछ वीडियो के ऑनलाइन प्रसारित होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी जांच साइबर सेल कर रही है।
इस पूरे मामले को लेकर भाजपा के राज्यसभा सांसद अनिल बोंडे ने ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे 7 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें कई आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। अब साइबर सेल डिजिटल सबूतों की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वीडियो किस तरह और किन लोगों तक पहुंचे।
जांच एजेंसियों को यह भी शक है कि पूरे मामले में सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक बड़ा नेटवर्क शामिल हो सकता है। इसी शक के आधार पर पुलिस ने चार अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
इस घटना के बाद परतवाड़ा और आसपास के इलाकों में भारी गुस्सा देखने को मिला है। कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पूरे शहर में बंद जैसा माहौल रहा। वहीं, स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है।
मुख्य आरोपी अयान तनवीर के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए उसके घर पर बुलडोजर कार्रवाई की है। नगर पालिका की टीम ने पहले उसके घर पर नोटिस चिपकाया और इसके बाद जेसीबी मशीन मौके पर पहुंची, जहां कथित अतिक्रमण को गिराया गया. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल भी तैनात किया गया.
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध निर्माण के खिलाफ नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन जिस तरह यह कदम उठाया गया, उसने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है। जैसे ही जेसीबी ने काम शुरू किया, आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पहले से ही तैयारी कर रखी थी। दरअसल, परतवाड़ा में सामने आया यह मामला शुरुआत में कुछ वायरल वीडियो क्लिप्स तक सीमित समझा जा रहा था, लेकिन धीरे-धीरे इसकी गंभीरता बढ़ती गई।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





