
x
Delhi दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 13.37 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। आरोपी की पहचान दिलशाद गार्डन स्थित कलंदर कॉलोनी निवासी वसीम उर्फ वासीम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को 25 सितंबर को कलंदर कॉलोनी इलाके में गश्त के दौरान पकड़ा गया। पुलिस टीम इलाके में निगरानी कर रही थी, तभी उन्हें एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर विजय मीणा, हेड कॉन्स्टेबल प्रवेश और शैलेंद्र इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पिपलेश्वर मंदिर के पास एक व्यक्ति पर पुलिसकर्मियों को शक हुआ। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद बैग से 13.37 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर सीमापुरी थाने लाया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वसीम पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसे सीमापुरी थाने का ‘बैड कैरेक्टर’ घोषित किया गया है। उसके खिलाफ लूटपाट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट, गैंबलिंग एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 10 से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद स्मैक वह कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई एसएचओ इंस्पेक्टर सतविंदर राणा, एसीपी मुकेश कुमार और शाहदरा डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा की निगरानी में की गई। वहीं, दिल्ली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक अन्य कार्रवाई में गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, रंजीत नगर थाना क्षेत्र की पेट्रोलिंग टीम ने शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास से 30 वर्षीय युवक को पकड़ा। उसके पास से 1,026.8 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में रंजीत नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





