भारत

रेप केस में 38 साल से फरार आरोपी साधु बनकर काट रहा था जिंदगी, हुई गिरफ्तारी

SHIDDHANT
9 Sept 2026 7:47 PM IST
रेप केस में 38 साल से फरार आरोपी साधु बनकर काट रहा था जिंदगी, हुई गिरफ्तारी
x
नाम और भेष बदलकर गुजार दी जिंदगी
Mathura मथुरा। उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर वृंदावन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पश्चिम बंगाल में करीब 38 साल पुराने अपहरण और दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे 70 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले कई वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर साधु के वेश में जीवन बिता रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के नादिया जिले निवासी बुधदेव हालदार के रूप में हुई है। आरोप है कि वर्ष 1988 में उसने एक युवती का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही वह पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा और फरार हो गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब 32 वर्षों से वृंदावन के पानी घाट इलाके में रह रहा था। उसने अपनी पहचान बदल ली थी और साधु का वेश धारण कर किराए के मकान में रहने लगा था। वह इलाके में भीख मांगकर अपना गुजारा करता था, जिससे किसी को उसके पुराने अपराध के बारे में जानकारी नहीं हो सकी।
लंबे समय तक फरार रहने के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने सर्विलांस और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। नादिया जिले के थाना तिहत्तर की पुलिस टीम ने मथुरा पुलिस के सहयोग से वृंदावन के पानी घाट क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी बुधदेव हालदार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम में पश्चिम बंगाल पुलिस के उपनिरीक्षक सहित जवान शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे पश्चिम बंगाल ले जाया गया है। वहां उसे पुराने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध करने के बाद आरोपी ने भले ही वर्षों तक अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन कानून की पकड़ से बच नहीं सका। लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।
Next Story