भारत
रिश्वत लेते लेखपाल गिरफ्तार, पकड़े जाने के डर से जलाए 15 हजार, ACB टीम ने दरवाजा तोड़ा
jantaserishta.com
9 Oct 2026 5:35 PM IST

x
जानें पूरा मामला.
ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एंटीकरप्शन टीम ने घूसखोर लेखपाल को गिरफ्तार किया है. आरोपी लेखपाल का नाम विपुल तिवारी है, जिसने किसान मनोज राजपूत से धारा 30(2) की कार्रवाई कराने के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी. यही रिश्वत लेते हुए वो रंगे हाथ गिरफ्तार हुआ है.
शिकायत मिलने पर पहुंची टीम की भनक लगते ही लेखपाल ने खुद को घर में बंद कर रसोई में गैस पर रिश्वत के नोट जलाकर सिंक में फेंक दिए. इसके बाद एंटीकरप्शन टीम ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को पकड़ा और किचन की सिंक से जले हुए नोटों के अवशेष बरामद कर मुकदमा दर्ज कराया.
टौरिया गांव निवासी किसान मनोज राजपूत ने बताया कि लेखपाल विपुल तिवारी जमीन से जुड़े कामों को लेकर उससे लगातार पैसों की मांग करता रहता था. इस बार जमीन की धारा 30(2) की कार्रवाई में किसान का कब्जा बरकरार रखने के नाम पर लेखपाल ने उसे डराते हुए 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. किसान ने परेशान होकर इसकी शिकायत एंटीकरप्शन टीम से कर दी.
एंटीकरप्शन ट्रैप टीम के प्रभारी निरीक्षक शादाब खान के मुताबिक, किसान रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने लेखपाल के घर पहुंचा था. जैसे ही पैसे दिए गए, टीम ने दबिश दी। खुद को घिरता देख लेखपाल ने अंदर से दरवाजा बंद कर नोटों को आग के हवाले कर दिया. टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए सिंक से जले हुए नोटों के टुकड़े बरामद कर लिए.
एंटीकरप्शन की टीम ने घर का दरवाजा तोड़कर आरोपी लेखपाल विपुल तिवारी को मौके से ही हिरासत में ले लिया. इसके बाद टीम उसे सदर कोतवाली ले आई, जहां आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





