भारत

मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल से सक्रिय हो रहा है पश्चिमी विक्षोभ

Tara Tandi
10 April 2024 10:58 AM IST
मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल से सक्रिय हो रहा है पश्चिमी विक्षोभ
x
हरियाणा : पंजाब और हरियाणा में इस बार बैसाखी पर बरसात हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिससे 13 से 15 अप्रैल तक पंजाब और हरियाणा के मौसम में बदलाव दिखेगा।
हरियाणा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। राज्य के सिरसा में अधिकतम तापमान 39.6 और फरीदाबाद का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार के मुकाबले हरियाणा के तापमान में 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 13 और 14 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में बारिश होगी। दोनों दिन के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 15 अप्रैल को हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40-50 किमी की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बदले मौसम की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। इसके प्रभाव से तीन से चार दिन अधिकतम तापमान में कमी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि पंचकूला को छोड़ अन्य सभी जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया है। हरियाणा में सबसे गर्म जिला सिरसा दर्ज किया गया। वहीं, मेवात और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। नारनौल में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री और मेवात में 20.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
Next Story