भारत

करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में हादसे, 11 लोग डूबने लगे, एक युवक की मौत, छह लोगों की तलाश जारी

jantaserishta.com
23 Sept 2026 1:07 PM IST
करमा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान गंगा में हादसे, 11 लोग डूबने लगे, एक युवक की मौत, छह लोगों की तलाश जारी
x
पटना: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में करमा-धर्मा पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर गंगा नदी में हादसे हुए। बाढ़, अथमलगोला और बख्तियारपुर थाना क्षेत्रों में कुल 11 लोगों के डूबने की घटनाएं सामने आईं। इनमें चार लोगों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि एक युवक का शव बरामद किया गया है। छह लोग अभी भी लापता हैं। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम को भी रेस्क्यू के लिए सूचना दी गई है।
बाढ़ में तीन युवक डूबने लगे
बाढ़ थाना क्षेत्र के पोस्ट ऑफिस घाट पर करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जित करने पहुंचे तीन युवक गंगा में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक नदी में डूब गए।
डूबने वाले युवकों की पहचान गुलाबबाग नया टोला के पीयूष कुमार, उम्र 10 साल, पिता प्रेम पंडित और सुजीत कुमार, उम्र 15 साल, पिता बबलू चौधरी के रूप में हुई है। पीयूष की मां पूजा देवी ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मूर्ति विसर्जन के लिए भेजा था। उसके पिता भी बाद में गंगा घाट की तरफ जा रहे थे। इसी बीच पीयूष का एक दोस्त भी वहां पहुंच गया।
मूर्ति विसर्जन के बाद नहाने लगे थे युवक
मूर्ति विसर्जन पूरा होने के बाद पीयूष के दोस्त ने सभी युवकों से गंगा में स्नान करने के लिए कहा। इसके बाद वे नदी में नहाने लगे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे।
लोगों ने एक युवक को बचा लिया, लेकिन पीयूष और सुजीत का पता नहीं चल सका। बाढ़ की अंचलाधिकारी रानी कुमारी ने बताया कि दो युवक गंगा में डूबे हैं और उन्हें खोजने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।
अथमलगोला में भाई-बहन गंगा में डूबे
अथमलगोला थाना क्षेत्र के उस्मानपुर वार्ड नंबर-9 में भी करमा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा हुआ। यहां मूर्ति विसर्जन करने पहुंचे भाई-बहन गंगा में डूब गए।
दोनों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अथमलगोला थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी गई है।
बख्तियारपुर में छह युवक पानी में डूबे
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव के पास भी करमा-धर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान छह युवक गंगा में डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने इनमें से तीन युवकों को बचा लिया। बाकी तीन युवक नदी में डूब गए।
बाद में इनमें से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान देदौर गांव के बबलू बगीचा निवासी साहिल कुमार के रूप में हुई है। वह रामेश्वर मोची का बेटा था। वहीं, नदी में डूबे दो युवकों की पहचान गोलू कुमार, पिता अनिल कुमार और बलवीर कुमार, पिता निर्मल मोची के रूप में हुई है। बताया गया है कि बलवीर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
एसडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे
बख्तियारपुर थाना अध्यक्ष विनोद कुमार के मुताबिक, छह युवक मूर्ति विसर्जन के लिए गए थे। इनमें से एक का शव बरामद हो चुका है, जबकि दो युवकों की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को दे दी गई है। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। तीनों थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं के बाद लापता लोगों की तलाश जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story