भारत

अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज, संस्थाओं का दुरुपयोग और वोटों का ध्रुवीकरण ही इनका डबल इंजन

jantaserishta.com
4 April 2026 12:24 PM IST
अभिषेक बनर्जी का भाजपा पर तंज, संस्थाओं का दुरुपयोग और वोटों का ध्रुवीकरण ही इनका डबल इंजन
x
कोलकाता: अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने आगामी बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भाजपा के ‘डबल इंजन’ के नारे पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा का असली ‘डबल इंजन’ दो अलग-अलग तरीकों से काम करता है। पहला इंजन लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग पर आधारित है। बनर्जी के मुताबिक, इसमें चुनाव आयोग का इस्तेमाल एक हथियार के रूप में किया जाता है, जिसके जरिए असली मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने, ईमानदार अधिकारियों के तबादले करने और प्रशासनिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश की जाती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनावी सूचियों में हेरफेर करने के लिए बाहरी लोगों को अवैध रूप से शामिल किया जाता है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भाजपा का दूसरा इंजन विभिन्न स्थानीय दलों और संगठनों को अपने हित में इस्तेमाल करने पर केंद्रित है। उन्होंने एआईएमआईएम, इंडियन सेक्युलर फ्रंट और आम जनता उन्नयन पार्टी का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इन संगठनों के माध्यम से सांप्रदायिक तनाव फैलाने, अशांति पैदा करने और वोटों के ध्रुवीकरण की कोशिश की जाती है, जिससे अंततः भाजपा को राजनीतिक लाभ मिलता है।
तृणमूल नेता ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता इस रणनीति को समझ चुकी है और इसका जवाब चुनाव में देगी। उन्होंने जयपुर, सोनामुखी, इंदास और खानाकुल क्षेत्रों में पार्टी को मिल रहे समर्थन का हवाला देते हुए कहा कि उनके उम्मीदवार अर्जुन महतो, डॉ. कल्लोल साहा, श्यामली रॉय बागदी और पलाश कुमार रॉय की जीत लगभग तय है।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि राज्य की जनता ‘मां-माटी-मानुष’ के सिद्धांतों पर आधारित सरकार को ही चुनना चाहती है, जो जनता के हितों के लिए काम करे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह ऐसी सरकार देना चाहती है जो जनता से दूर, कॉरपोरेट हितों के करीब और लोकतांत्रिक मूल्यों से कटी हुई हो। उन्होंने भरोसा जताया कि बंगाल की जनता एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में फैसला सुनाएगी और राज्य में स्थिर एवं जनोन्मुखी शासन सुनिश्चित करेगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story