
x
दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार को दिल्ली में सशर्त जमानत मिल गई। रिहाई के बाद दिपके राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अनीश गवांडे के करोल बाग स्थित आवास पहुंचे। उनका एक वीडियो भी सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने शांति बनाए रखने संबंधी बॉन्ड पर हस्ताक्षर कराने के बाद उन्हें रिहा किया।
तिरंगा मार्च से पहले हिरासत में लिए गए थे दिपके
दरअसल, अभिजीत दिपके को शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च से पहले हिरासत में लिया गया था। यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उठ रही मांगों से जुड़ा था।
दिल्ली पुलिस ने कानून-व्यवस्था और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए प्रस्तावित मार्च की अनुमति नहीं दी थी।
शांति बनाए रखने की शर्त पर मिली जमानत
शनिवार को दिपके को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने कुछ शर्तों के साथ उनकी रिहाई की अनुमति दी। उन्हें शांति बनाए रखने के लिए बॉन्ड पर हस्ताक्षर करने पड़े।
करीब 24 घंटे हिरासत में रहने के बाद दिपके बाहर आए। इसके बाद वह अनीश गवांडे के आवास पहुंचे।
प्रदर्शन को लेकर जारी है विवाद
कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
वहीं, प्रदर्शन से जुड़े संगठनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। दिपके की रिहाई के बाद भी मतदाता सूची पुनरीक्षण और विरोध प्रदर्शन के अधिकार को लेकर राजनीतिक बहस जारी है।
Next Story





