भारत

आप सांसद ने सदन में उठाया बृजभूषण शरण व संदीप सिंह का मुद्दा

Shantanu Roy
21 Sept 2023 6:01 PM IST
आप सांसद ने सदन में उठाया बृजभूषण शरण व संदीप सिंह का मुद्दा
x
दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री और राज्यसभा सांसद ने वीरवार को संसद के विशेष सत्र के चौथे दिन राज्यसभा में हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह के मुद्दे को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने महिला आरक्षण बिल पर चर्चा करते हुए संसद में हरियाणा में हो रहे महिलाओं पर अत्याचार की आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि जहां जूनियर महिला कोच और महिला पहलवानों पर की गई ज्यादती किसी से छिपी नहीं है, वहीं डेढ़ महीने से आशा वर्कर्स सड़कों पर संघर्ष कर रही हैं। जिसमें पुलिस की धक्का मुक्की में एक आशा वर्कर की जान भी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि जब हरियाणा की महिला पहलवान सड़कों पर संघर्ष कर रही थी, तब पूरा देश उनके साथ खड़ा था। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उनके लिए एक शब्द नहीं बोला। क्योंकि प्रधामंत्री बृजभूषण शरण सिंह को बचा रहे थे। इसके अलावा मंत्री संदीप सिंह द्वारा गलत हरकत करने पर महिला जूनियर कोच को अपने मान सम्मान की लड़ाई के लिए भी 8 महीने से संघर्ष करना पड़ रहा है। उसी को सस्पेंड कर दिया, उसी का स्टेडियम में घूसना बंद करा दिया।
उन्होंने कहा कि जब महिला कोच इधर उधर जाती है तो उसके पीछे गुंडे लगा दिए जाते हैं। संदीप सिंह चार्जशीट फाइल होने के बाद आज भी मंत्री बना बैठा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ऐसी क्या मजबूरी है कि वो आज भी मंत्री बना बैठा है। भाजपा की सरकार तो बहुत मजबूत है और अमृत काल चल रहा है। अमृत काल में ऐसा क्या हो गया और भाजपा सरकार की ऐसी कौन सी मजबूरी है कि मंत्री संदीप सिंह और बृजभूषण शरण सिंह जैसे यौन शोषण के आरोपियों को सरकार से नहीं निकाला जा रहा।
Next Story