भारत

पंजाब में आज बीजेपी दफ्तर घेरने निकल रही आप पार्टी, ED कार्रवाई का विरोध

Nilmani Pal
10 May 2026 6:56 AM IST
पंजाब में आज बीजेपी दफ्तर घेरने निकल रही आप पार्टी, ED कार्रवाई का विरोध
x
पढ़े पूरी खबर

पंजाब। पंजाब में भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में गिरफ्तार कर लिया है. संजीव अरोड़ा पर मनी लॉन्ड्रिंग के साथ ही जीएसटी के दस्तावेजों में हेरफेर के आरोप हैं.

ईडी के इस एक्शन के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्रीय एजेंसी, केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के खिलाफ 10 मई को पूरे पंजाब में बीजेपी दफ्तरों के घेराव का ऐलान किया है.

पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने बीजेपी पर तानाशाही का आरोप लगाया, भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा बताया. उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने देश के लिए बहुत योगदान दिया है, लेकिन आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं. जहां भी चुनाव होते हैं, बीजेपी अपनी एजेंसियों को पहले ही भेज देती है. इनमें पहली एजेंसी ईडी होती है. हरपाल चीमा ने कहा कि जिन राज्यों में बीजेपी की सरकार है, वहां कोई एजेंसी नहीं जाती. जिन राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं, उन राज्यों में ही कार्रवाई होती है.

उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि ईडी पहले अशोक मित्तल के घर गई और बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद ईडी मंत्री संजीव अरोड़ा के घर गई, लेकिन उन्होंने बीजेपी में शामिल होने से इनकार कर दिया और इसलिए ही उनको गिरफ्तार कर लिया गया. हरपाल चीमा ने कहा कि बीजेपी की इस रणनीति का पंजाब के लोग कड़ा जवाब देंगे. उन्होंने मान सरकार में मंत्री और आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष अमन अरोड़ा का नाम ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में लिए जाने का भी उल्लेख किया.


Next Story