भारत

आप ने अयोध्या से प्रयागराज तक 10 दिनी पदयात्रा का किया ऐलान

jantaserishta.com
28 Sep 2022 7:52 AM GMT
आप ने अयोध्या से प्रयागराज तक 10 दिनी पदयात्रा का किया ऐलान
x
लखनऊ (आईएएनएस)| लगता है, यह यात्राओं का मौसम है। कांग्रेस अपनी 'भारत जोड़ी यात्रा' में व्यस्त है और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) ने अपनी 'सावधान यात्रा' शुरू कर दी है, तो आम आदमी पार्टी (आप) ने भी अयोध्या से प्रयागराज तक पदयात्रा की घोषणा की है। यह यात्रा उत्तर प्रदेश में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले युवाओं को आकर्षित करेगी।
आप की इस यात्रा में हिंदू स्वर भी गूंजेंगे, क्योंकि यह एक तीर्थ केंद्र (अयोध्या) से शुरू होकर दूसरे तीर्थ (प्रयागराज) में समाप्त होगा।
आप के यूपी प्रभारी और सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में पदयात्रा 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुरू होगी और 10 नवंबर को समाप्त होगी।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र सिंह ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का आशीर्वाद लेने के बाद पदयात्रा 'सरयू से संगम तक' जाएगी। इस दौरान 'महंगाई भगाओ, रोजगार बचाओ' जैसे नारे लगेंगे।
उन्होंने कहा कि पदयात्रा में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल होंगे। यह देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के बारे में लोगों को जागरूक करने का प्रयास करेगी।
प्रवक्ता ने कहा, "आप यूपी में अपना आधार मजबूत करने की प्रक्रिया में है। अक्टूबर में हम उम्मीदवारों के चयन पर ध्यान केंद्रित करेंगे। यह यात्रा तब शुरू होगी, जब यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में होगी। इसमें उठाए जा रहे दोनों मुद्दों का लोगों से गहरा संबंध है। महंगाई ने हर एक परिवार को प्रभावित किया है, जबकि बेरोजगारी युवाओं के लिए एक गंभीर मुद्दा है।"
120 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा को 10 दिनों में कवर किया जाएगा और लोगों से बातचीत करने के लिए बार-बार रुकना होगा।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि पदयात्रा जैसे अभियानों की युवाओं में काफी गूंज है और पार्टी जो उत्तर प्रदेश में खुद को स्थापित करने के लिए काम कर रही है, यह खंड बहुत महत्वपूर्ण होगा।
Next Story