भारत

आमिर शौकीन की बढ़ीं मुश्किलें, हिरासत लेने दिल्ली पहुंची त्रिपुरा पुलिस

SHIDDHANT
22 Oct 2026 10:42 PM IST
आमिर शौकीन की बढ़ीं मुश्किलें, हिरासत लेने दिल्ली पहुंची त्रिपुरा पुलिस
x
नस्लीय टिप्पणी मामले में बड़ा एक्शन
दिल्ली। त्रिपुरा के युवक के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आमिर शौकीन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली पुलिस की गिरफ्तारी के बाद अब त्रिपुरा पुलिस भी सक्रिय हो गई है। गुरुवार, 22 अक्टूबर को त्रिपुरा पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और आमिर शौकीन को हिरासत में लेने के लिए सदर बाजार पुलिस स्टेशन गई। पुलिस अब आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत त्रिपुरा ले जाने की तैयारी कर रही है।
सदर बाजार थाने पहुंची त्रिपुरा पुलिस
जानकारी के अनुसार, त्रिपुरा पुलिस की टीम दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है। आरोपी को त्रिपुरा ले जाने के लिए अदालत से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति ली जाएगी।
हालांकि, त्रिपुरा पुलिस को आरोपी की औपचारिक हिरासत सौंपे जाने और अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वायरल वीडियो के बाद हुई थी गिरफ्तारी
आमिर शौकीन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह त्रिपुरा के एक युवक के साथ कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणी और अपमानजनक व्यवहार करता दिखाई दे रहा था।
वीडियो सामने आने के बाद पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों और छात्र संगठनों ने नाराजगी जताई थी। त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम ने भी दिल्ली पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया मामला
दिल्ली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए सदर बाजार थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 192, 196, 352 और 353 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस ने दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में दबिश देने के बाद आमिर शौकीन को करोल बाग इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी जताई नाराजगी
वायरल वीडियो पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने पूर्वोत्तर के नागरिकों के साथ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
दिल्ली पुलिस की विशेष पुलिस इकाई SPUNER ने वीडियो की जांच के लिए IFSO साइबर यूनिट को भी पत्र भेजा था।
त्रिपुरा पुलिस की जांच पर टिकी नजरें
त्रिपुरा में भी मामले को लेकर अलग एफआईआर दर्ज की गई है। अब वहां की पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और वायरल वीडियो की परिस्थितियों की जांच करेगी। आरोपी ने वीडियो को स्क्रिप्टेड बताते हुए माफी मांगी है, हालांकि पुलिस आरोपों की जांच जारी रखे हुए है।
Next Story