
x
Chandauli चंदौली। कोतवाली पुलिस ने गोवध के मामले में वांछित चल रहे 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि आरोपी पुलिस को नशे की हालत में संदिग्ध रूप से घूमता मिला, जिसके बाद पूछताछ में उसकी पहचान गोवध के मुकदमे में वांछित आरोपी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर की रात माटीगांव तिराहे पर चेकिंग के दौरान बोलेरो पिकअप चालक ने पुलिस टीम को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया था। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह खुद को बचाया। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई। वाहन से 7 गोवंश बरामद हुए थे। इस मामले में चंदौली कोतवाली में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की रात एक व्यक्ति नशे की हालत में मिला, जो अपना नाम नहीं बता पा रहा था। उसे थाने लाकर जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राहुल सोनकर निवासी फगुईया, चंदौली बताया। जांच में उसका नाम उक्त गोवध मामले में प्रकाश में आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से गोवध, गैंगस्टर, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





