मानव तस्करों के चंगुल से भागी युवती, होने जा रही थी तीसरी शादी

यूपी। गोरखपुर में एक लड़की का दो बार सौदा करके जबरन अलग-अलग राज्यों में शादी करवा दी गई। इसके बाद लड़की की अब तीसरी शादी करवाए जाने की तैयारी भी चल रही थी। हालांकि इस बार लड़की किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से निकलकर भाग गई। बताया जा रहा है कि चौरीचौरा थाना क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही तीन लोगों पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी, शोषण और जीवन बर्बाद करने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर हरियाणा ले जाया गया, जहां उसकी शादी एक युवक से कराई गई। शादी के बाद कुछ समय तक वह ससुराल में रही, लेकिन पति के शराब पीकर मारपीट करने से उसका जीवन परेशानियों से भर गया। इसके बाद फिर उसकी राजस्थान में शादी करा दी गई। अब पीड़िता ने खुद को ठगा महसूस करके केस दर्ज कराया। आशंका है कि रुपयों के लालच में उसकी शादी कराई गई है। पीड़िता के अनुसार, उसकी पहली शादी हरियाणा में कराई गई। जब उसने अपनी परेशानी आरोपियों को बताई, जिन्होंने उसकी शादी कराई थी, तो उसे अपने पास बुला लिया गया। इसके बाद उसकी सहमति और भविष्य की परवाह किए बिना राजस्थान के एक युवक से दूसरी शादी करा दी गई। युवती का आरोप है कि वह करीब दस माह तक अपने दूसरे पति के साथ रही। इसी दौरान वह गर्भवती भी हो गई थी।
युवती का कहना है कि बाद में उसे हरियाणा में हुई पहली शादी से जुड़े विवाद और मुकदमे की जानकारी देकर उसके दूसरे पति को भड़का दिया गया। आरोप है कि इसके बाद उसका गर्भपात करा दिया गया और उसे घर से निकाल दिया गया। बेसहारा होने पर वह उस बिचौलिए के पास पहुंची जिसने उसकी शादी कराई थी, लेकिन वहां भी उसकी मदद नहीं की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसकी तीसरी शादी कराने की तैयारी कर रहे थे। इसकी जानकारी पीड़िता को हो गई। किसी तरह वह उनके चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और पूरे मामले की शिकायत एसएसपी से की। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने बयान में कहा है कि उसे आशंका है कि दोनों शादियों से पहले आरोपियों ने रकम वसूल की है।





