
x
मुस्कान हत्याकांड में मां-मामा गिरफ्तार
सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में 22 वर्षीय मुस्कान उईके की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम सतोसा में मक्के के खेत से मिले युवती के शव की पहचान के बाद पुलिस ने उसकी मां सुनीता उईके और मामा अनिल धुर्वे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करने को लेकर हुए विवाद के बाद युवती की कथित तौर पर गला दबाकर और जमीन पर पटककर हत्या की गई थी।
30 सितंबर को सतोसा गांव के एक मक्के के खेत में युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव पर चोट के निशान के साथ बिजली के करंट से झुलसने जैसे निशान भी दिखाई दिए थे। शुरुआत में युवती की पहचान नहीं हो पाई थी। इसके बाद कुरई पुलिस ने आसपास के गांवों, रिसॉर्ट और अन्य इलाकों में जानकारी जुटानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सतोसा निवासी मुस्कान उईके आवरघनी स्थित रामधाम रिसॉर्ट में काम करती थी। वह 28 सितंबर की शाम काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटी थी। फोटो, कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी मां ने शव की पहचान मुस्कान के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मां और मामा को हिरासत में लिया गया। जांच में सामने आया कि 28 सितंबर की रात मुस्कान मोबाइल फोन पर काफी देर तक किसी व्यक्ति से बात कर रही थी। परिजनों ने उसे बातचीत करने से रोका तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसी विवाद के दौरान मुस्कान का गला दबाया गया और उसे जमीन पर पटक दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि घटना को हादसे का रूप देने के लिए शव पर लोहे की रॉड और तार की मदद से बिजली का करंट लगाया गया। इसके बाद शव को मक्के के खेत में फेंक दिया गया। कुरई पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है। जांच में कुरई और बरघाट पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम भी शामिल रही।
Next Story





