भारत

वकालत कर रही युवती ने टाइगर पॉइंट में किया सुसाइड

Nilmani Pal
3 Feb 2026 7:52 AM IST
वकालत कर रही युवती ने टाइगर पॉइंट में किया सुसाइड
x
पढ़े पूरी खबर

मुंबई। वकालत की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय युवती ने पुणे के लोनावला के टाइगर पॉइंट से करीब 400 फीट गहरी खाई में कूदकर आत्महत्या कर ली. युवती की पहचान श्रेया नरेंद्र पाटी के रूप में हुई है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया. फिलहाल करीब 36 घंटे की खोजबीन के बाद उसका शव बरामद कर लिया गया. जानकारी के अनुसार 31 जनवरी को मुंबई में रहने वाली श्रेया ट्रेकिंग पर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. सुबह करीब 11 बजे वह लोनावला पहुंची. पहले वह ड्यूक्स नोज गई, फिर कुछ समय बाद नीचे उतरकर रिक्शा से टाइगर पॉइंट पहुंची. इसके बाद उसने अपना बैग टाइगर पॉइंट स्थित एक स्टॉल के पीछे रख दिया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि टाइगर पॉइंट पर रेलिंग के पास टूटी हुई तारों की बाड़ से होते हुए वह सीधे लगभग 400 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी. शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की. इस दौरान उसे कॉल किया गया तो उसका फोन बंद मिला. जिसके बाद परिजन उसे सर्च करने के लिए ड्यूक्स नोज गए. वहीं दुकानदार ने जब स्टॉल के पीछे बैग रखा देखा तो बैग में रखे पहचान पत्र पर लिखे मोबाइल नंबर पर उसने फोन कर जानकारी दी. इसके बाद श्रेया के लापता होने की सूचना उसके परिवार को मिली. परिवार के सदस्य देर रात लोनावला पहुंचे. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि श्रेया अकेली ही लोनावला आई थी, उसके साथ कोई मित्र या सहेली नहीं थी.

बैग में मौजूद कपड़ों के आधार पर डॉग स्क्वॉड ने पुलिस को उस स्थान तक पहुंचाया, जहां से श्रेया ने छलांग लगाई थी. जिसके बाद लोनावला शिवदुर्ग रेस्क्यू टीम भी डेडबॉडी की तलाश में जुट गई और आखिरकार 1 फरवरी को 36 घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गहरी खाई में श्रेया का शव मिला. श्रेया मुंबई के एक कॉलेज में एल.एल.बी. की पढ़ाई कर रही थी. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. दिनेश तायडे, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक, लोनावला ग्रामीण ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Next Story