भारत

अग्निवीर की नौकरी छोड़कर आया युवक अवैध हथियार के साथ, 12 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

SHIDDHANT
8 Nov 2026 8:52 PM IST
अग्निवीर की नौकरी छोड़कर आया युवक अवैध हथियार के साथ, 12 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
x
अवैध पिस्तौल और कारतूस लेकर घूम रहा था
हिसार। हरियाणा के हिसार में दिवाली के दिन पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। CIA मिल गेट की टीम ने गांव जाखोद खेड़ा से आरोपी को एक अवैध 32 बोर पिस्तौल, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान सचिन निवासी गांव जाखोद खेड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ था, लेकिन नौकरी बीच में ही छोड़कर वापस आ गया था। पुलिस अधीक्षक हिसार के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत CIA मिल गेट की टीम ने यह कार्रवाई की।
CIA मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश के मुताबिक, उनकी टीम अपराध जांच के सिलसिले में क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गांव जाखोद खेड़ा में एक युवक के पास अवैध हथियार होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर सचिन को हिरासत में लिया और नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 32 बोर का एक अवैध पिस्तौल, दो मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
अग्निवीर योजना के तहत हुआ था भर्ती
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सचिन अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुआ था। हालांकि, उसने अपनी नौकरी बीच में ही छोड़ दी और वापस गांव आ गया। फिलहाल पुलिस आरोपी के पास अवैध हथियार पहुंचने के स्रोत और उसके इस्तेमाल के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हथियारों की खरीद-फरोख्त और उनसे जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच की जा सके।
Next Story