भारत

खाना देकर लौट रहा था युवक, रास्ते में हमला कर उतारा मौत के घाट

SHIDDHANT
25 Nov 2026 11:54 PM IST
खाना देकर लौट रहा था युवक, रास्ते में हमला कर उतारा मौत के घाट
x
भाई को बचाने पहुंचा भाई, हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा
उत्तर प्रदेश। बिजनौर जिले के नूरपुर में महज 20 गज जमीन को लेकर लंबे समय से चली आ रही रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। यहां 37 वर्षीय अरवेंदर सिंह पूरन की चाकू और तलवार से हमला कर हत्या करने का आरोप है। हमले के दौरान भाई को बचाने पहुंचे गुरचरन सिंह के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उनके दांत टूट गए और शरीर पर कई जगह चोटें आईं। मृतक के परिजनों ने तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है। अरवेंदर सिंह नूरपुर के गोविंद नगर मोहल्ले में इकबाल सिंह को खाना देने गए थे। वहां से वापस लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
मृतक के भाई गुरचरन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सुरजीत सिंह और परविंदर सिंह ने अरवेंदर को पकड़ लिया, जबकि हरविंदर सिंह ने तलवार से हमला किया। हमले में अरवेंदर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरचरन सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने अपने भाई को बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान उनके दांत टूट गए और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आरोपियों ने कथित तौर पर परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों के मुताबिक, हत्या के पीछे 20 गज जमीन का पुराना विवाद है। परिवार का दावा है कि घटना से तीन दिन पहले भी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी मिलने की सूचना मिली थी। इसी कारण दोनों भाई 24 नवंबर को गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे। अरवेंदर सिंह की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और सिख समुदाय के लोग सरकारी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी देश दीपक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतक के भाई ने हरविंदर सिंह, परविंदर सिंह, सुरजीत सिंह और दो अज्ञात लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Next Story