भारत

मीम पोस्ट पर युवक से धोवाए पैर, मचा बवाल

SHIDDHANT
12 Oct 2025 7:36 PM IST
मीम पोस्ट पर युवक से धोवाए पैर, मचा बवाल
x
शराबबंदी
Damoh/Satriya दमोह/सतरिया। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के सतरिया गांव में शराबबंदी और सोशल मीडिया को लेकर विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गांव में कुछ दिन पहले ही पंचायत द्वारा शराबबंदी लागू की गई थी। नियम बनाया गया कि जो शराब पीएगा या बेचेगा, उस पर सामाजिक जुर्माना लगेगा। इसी बीच गांव के युवक अनुज पांडे ने शराब पी ली, जिससे नाराजगी फैली। विवाद तब और भड़क गया जब पिछड़े वर्ग के पुरुषोत्तम कुशवाहा ने सोशल मीडिया पर एक AI जनरेटेड फोटो पोस्ट किया। इस फोटो में अनुज पांडे को जूतों की माला पहनाए दिखाया गया था। फोटो बाद में डिलीट कर दी गई, लेकिन वायरल होने के बाद आग फैल गई।

गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें अनुज पांडे और उनके समर्थक शामिल हुए। पंचायत में पुरुषोत्तम कुशवाहा से अनुज के पैर धोकर माफी मंगवाई गई। इस घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होते ही दमोह से लेकर भोपाल तक घटना की खबर फैल गई और तनाव बढ़ गया। एसपी के निर्देश पर पटेरा थाना पुलिस ने चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ओबीसी, एससी और एसटी संगठनों ने सड़कों पर प्रदर्शन कर संविधान और मानवता के खिलाफ इस घटना की निंदा की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह घटना पिछड़े वर्ग और दलित समुदाय के लोगों के लिए असहनीय है।

राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई। कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों के अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। प्रशासन ने कहा कि जैसे ही मामला सामने आया, त्वरित कार्रवाई की गई और जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पूरे इलाके में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए गांव में निगरानी बढ़ाई जाएगी। वहीं, स्थानीय लोग भी सामाजिक चेतना और पंचायत के फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं।
Next Story