भारत

सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में गिरा युवक, NDRF और गोताखोर तलाश में जुटे

SHIDDHANT
7 Oct 2026 10:16 PM IST
सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास नाले में गिरा युवक, NDRF और गोताखोर तलाश में जुटे
x
फायर टीम को नहीं मिला सुराग, अब NDRF और गोताखोर मैदान में
Noida नोएडा। नोएडा के सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार रात एक युवक के नाले में गिरने की सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका, जिसके बाद NDRF और गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास एक युवक नाले में गिर गया है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को भी घटना की जानकारी दी गई। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने नाले में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। नाले के आसपास और पानी के बहाव वाले हिस्सों में काफी देर तक खोज की गई, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
NDRF और गोताखोरों को बुलाया गया
सर्च ऑपरेशन लंबा खिंचने के बाद NDRF और गोताखोरों को भी बुलाया गया। राहत टीमें नाले के अलग-अलग हिस्सों में युवक की तलाश कर रही हैं। घटनास्थल पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है और आसपास जमा लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। नाले में पानी और गहराई के कारण तलाश में मुश्किल आ रही है। इसी वजह से प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद ली जा रही है। राहत-बचाव टीमों की ओर से युवक को तलाशने के लिए अभियान लगातार जारी रखा गया है।
नशे में होने की बात की जांच
सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ला के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में युवक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। हालांकि, युवक किस परिस्थिति में नाले में गिरा, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के समय युवक अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था। आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस, फायर ब्रिगेड, NDRF और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, सर्च ऑपरेशन जारी रहने की बात कही गई है। घटना के संबंध में अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
Next Story