
x
अस्पताल
Shivpuri शिवपुरी: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक 17 वर्षीय किशोरी पर एक युवक द्वारा उसके घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हमला करने और बाद में उसे छत से नीचे फेंकने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज ग्वालियर के अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
पीड़िता की मां के अनुसार, घटना के समय उनकी बेटी घर में अकेली थी। उन्होंने बताया कि युवक अचानक घर में घुस आया और उसे परेशान करने लगा। बचने के लिए किशोरी छत पर गई, लेकिन आरोपी भी उसके पीछे पहुंच गया और वहां उसके बाल खींचकर कुल्हाड़ी से हमला किया। आरोप है कि शोर सुनकर पहुंचे लोगों को भी आरोपी ने धमकाया।
परिजनों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से किशोरी का पीछा कर रहा था और उसे परेशान करता था। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन वह लगातार धमकियां देता रहा। पिता का कहना है कि बेटी द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के कारण आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
आरोप है कि हमले के बाद आरोपी ने किशोरी को रस्सी से बांधकर फांसी देने की कोशिश की और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके साथ उसके परिवार के तीन अन्य सदस्यों को भी हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों ने पीड़िता के बेहतर इलाज, मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग की है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, किशोरी के जबड़े और कूल्हे में फ्रैक्चर है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
Next Story





