
x
भगवंत मान का होर्डिंग हटाना पड़ा भारी, करंट लगने से युवक की मौत
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में नशे के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जमालपुर के चंडीगढ़ रोड पर धरने में शामिल 22 वर्षीय युवक जशनदीप सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। युवक बिजली के खंभे पर चढ़कर मुख्यमंत्री भगवंत मान का होर्डिंग उतार रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद लोहे की रॉड हाईटेंशन बिजली के तार से टकरा गई।
होर्डिंग उतारते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, जमालपुर इलाके में नशे के खिलाफ धरना प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान जशनदीप सिंह मुख्यमंत्री भगवंत मान का होर्डिंग हटाने के लिए खंभे पर चढ़ गया। होर्डिंग उतारते समय उसके हाथ में मौजूद लोहे की रॉड ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। तेज करंट लगते ही युवक खंभे से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के तुरंत बाद धरने में मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जशनदीप सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों ने घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं।
घटना का वीडियो भी आया सामने
इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सामने आया है। इसमें युवक खंभे पर चढ़कर होर्डिंग उतारता दिखाई दे रहा है। नशे के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के दौरान हुई इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। महज 22 साल की उम्र में जशनदीप सिंह की मौत ने प्रदर्शन में शामिल लोगों को झकझोर दिया है।
Next Story





