भारत

सुसाइड करने टावर पर चढ़ गया युवक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकनी पड़ी

Nilmani Pal
25 March 2026 7:13 AM IST
सुसाइड करने टावर पर चढ़ गया युवक, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकनी पड़ी
x
पढ़े पूरी खबर

सोनीपत। गांव असावरपुर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की कार्रवाई के दौरान सोमवार को बड़ा हंगामा हो गया. यहां बुलडोजर के साथ पहुंची टीम द्वारा एक मकान और स्कूल के कई कमरों को गिराए जाने के विरोध में गांव का ही सुनील नाम का युवक 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और नीचे कूदकर जान देने की धमकी देने लगा. स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी.

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. टावर पर बैठा सुनील लगातार प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करने लगा और जमीन व मकान का उचित मुआवजा देने की मांग रख दी. वह कहने लगा कि जब तक मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा और विरोध जारी रखेगा. सुनील के परिजनों का आरोप है कि करीब 20 साल से इस जगह पर गरीब परिवारों के बच्चों के लिए स्कूल चल रहा है और यह जमीन किसी रास्ते में भी नहीं आती. परिजनों के मुताबिक जब उन्होंने प्रशासन से कार्रवाई से संबंधित कागजात दिखाने को कहा तो उन्हें कोई दस्तावेज नहीं दिखाए गए. इसके बाद बिना संतोषजनक जानकारी दिए ही मकान और स्कूल के कमरों को तोड़ने का काम शुरू कर दिया गया.

परिजनों ने इस कार्रवाई को गलत करार देते हुए मांग की है कि उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए. साथ ही जब तक उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक मकान को तोड़ने की कार्रवाई रोकी जाए. उन्होंने बताया कि संबंधित जमीन को लेकर मुकदमा कोर्ट में भी विचाराधीन है. परिवार का कहना है कि इन्हीं मांगों के समर्थन में सुनील मोबाइल टावर पर चढ़ा है और प्रशासन से लिखित आश्वासन मिलने तक नीचे नहीं आएगा.

Next Story