भारत

महिला की गोली मारकर हत्या, पति का 2023 में हुआ था मर्डर, पुलिस को शक है कि...

jantaserishta.com
10 Jan 2026 3:49 PM IST
महिला की गोली मारकर हत्या, पति का 2023 में हुआ था मर्डर, पुलिस को शक है कि...
x
पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
नई दिल्ली: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में शनिवार को एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से लोग सहमे हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
मृत महिला की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। रचना यादव के पति विजेंदर यादव की भी साल 2023 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को शक है कि दोनों हत्याएं आपस में जुड़ी हो सकती हैं और पति की हत्या में शामिल आरोपियों ने ही रचना यादव की भी हत्या करवाई हो।
मृतका की बेटी ने बताया कि उसकी मां उसके पिता के मर्डर केस की मुख्य गवाह थीं। इसी वजह से आरोपियों ने साजिश रचकर उसकी मां की हत्या कर दी। उसने बताया कि उसके पिता की हत्या में कुल छह लोग शामिल थे, जिनमें से चार या पांच को पुलिस ने पकड़ लिया था, लेकिन एक मास्टरमाइंड अभी भी फरार है। उसने फरार आरोपी का नाम भारत यादव बताया, जो अलसवा इलाके में बेकरी चलाता है। बेटी ने आरोप लगाया कि उसी ने साजिश रचकर उसकी मां को मरवाया। उसने कोर्ट से अपील की कि उसके माता-पिता दोनों को इंसाफ दिलाया जाए और आरोपियों को फांसी की सजा मिले।
इस मामले में डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट भीष्म सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें सूचना दी गई कि एक महिला को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि रचना यादव नाम की महिला को गोली लगी है, जो शालीमार बाग में अपने परिवार के साथ रहती थीं। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और छोटी बेटी उसके साथ ही रहती थी।
पुलिस ने बताया कि जब महिला किसी के घर से लौट रही थीं, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर में गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि इस केस की पृष्ठभूमि बलसवा गांव से जुड़ी हुई है, जहां रचना यादव के पति विजेंदर यादव की 2023 में हत्या हुई थी। शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश या पारिवारिक दुश्मनी से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस बलसवा गांव से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में भरत यादव नाम का एक आरोपी फरार है, जिसे लेकर सुप्रीम कोर्ट ने भी सरेंडर करने के निर्देश दिए थे। उस एंगल से भी जांच की जा रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story