भारत

महिला को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, डायन होने के संदेह में वारदात

jantaserishta.com
18 Jun 2025 1:22 PM IST
महिला को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, डायन होने के संदेह में वारदात
x
फैली सनसनी.
सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले से अंधविश्वास और कुप्रथाओं से जुड़ी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां डायन होने के संदेह में 37 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में मृतका के ससुर, ननद और अन्य परिजनों समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस हत्याकांड ने इलाके को हिला कर रख दिया है.
एजेंसी के अनुसार, यह वारदात 12 जून की रात की है, जब सरायकेला-खरसावां जिले के एक गांव में रहने वाली मोंग्रो मुंडा नाम की महिला को उसके ही घर से बाहर बुलाया गया और फिर तेज धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई. पुलिस का कहना है कि मोंग्रो की हत्या उसी के परिजनों और गांव के कुछ लोगों ने मिलकर की.
पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार लुनायत के अनुसार, मोंग्रो मुंडा के ससुर 66 वर्षीय सोयना मुंडा, ननद 31 वर्षीय डॉली मुंडा और एक दूर के रिश्तेदार को शक था कि वह काला जादू या तंत्र-मंत्र करती है. उसके कारण घर में समस्याएं बढ़ रही हैं. इस शक के चलते तीनों ने मिलकर मोंग्रो को खत्म करने की साजिश रची.
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन तीनों आरोपियों ने मोंग्रो की हत्या के लिए तीन बाहरी लोगों को 2 लाख रुपये की सुपारी दी थी. साजिश के अनुसार, मोंग्रो को घर से बाहर बुलाया गया और फिर उन हत्यारों ने उसका गला रेत दिया. यह सब इतने सुनियोजित ढंग से हुआ कि शुरुआत में पुलिस को भी कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका.
इस हत्या का खुलासा तब हुआ, जब मोंग्रो के पति पंडू मुंडा ने पुलिस में मामला दर्ज कराया. उन्होंने अपनी पत्नी की हत्या की आशंका जताई और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी. इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें मोंग्रो का ससुर, ननद, एक दूर का रिश्तेदार और तीन अन्य आरोपी शामिल हैं. सभी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं और लोग भी इसमें शामिल तो नहीं हैं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story