भारत

हत्या के बाद शोक जताने पहुंची महिला, रोने का किया नाटक, पुलिस जांच में खुल गया पूरा राज

jantaserishta.com
28 Oct 2026 3:30 PM IST
हत्या के बाद शोक जताने पहुंची महिला, रोने का किया नाटक, पुलिस जांच में खुल गया पूरा राज
x
सोने के गहनों का लालच.
अहमदाबाद: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां ऊना तालुका के भिंगरण गांव में 85 साल की बुजुर्ग महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. हत्या के बाद उनके सोने के गहने भी लूट लिए गए. पुलिस ने मामले की जांच की तो शक की सुई मृतका के परिवार से जुड़ी एक महिला पर जा पहुंची. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी महिला हत्या करने के बाद बुजुर्ग के घर शोक जताने भी पहुंची थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके घर से लूटे गए सोने के गहने भी बरामद किए हैं.
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान रखमाईबेन बांभणिया के रूप में हुई है. वह भिंगरण गांव में अपने घर पर अकेली रहती थीं. उनके तीन बेटे अपने परिवारों के साथ खेत यानी वाड़ी पर रहते थे. ऐसे में बुजुर्ग घर में अकेली रहती थीं और उनसे मिलने के लिए रिश्तेदार आते-जाते रहते थे. इन्हीं रिश्तेदारों में उनके भांजे की पत्नी भाणीबेन पामक भी शामिल थी, जो पास में ही रहती थी और अक्सर रखमाईबेन के घर आती थी.
पुलिस की जांच के अनुसार 25 अक्टूबर की दोपहर भाणीबेन चाय पीने के बहाने रखमाईबेन के घर पहुंची थी. आरोपी महिला की नजर बुजुर्ग के सोने के गहनों पर थी. पुलिस के मुताबिक, गहने लूटने के इरादे से उसने रखमाईबेन पर हंसिया से हमला किया और उनके गले पर वार किए. इसके बाद आरोपी ने बुजुर्ग के कान काटकर उनके पहने हुए सोने के गहने उतार लिए और मौके से फरार हो गई.
घटना की जानकारी मिलने के बाद नवाबंदर मरीन पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. इसके बाद उससे पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या की गुत्थी सुलझ गई और आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली.
इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि बुजुर्ग की हत्या के बाद आरोपी महिला उनके घर शोक जताने पहुंची थी. वहां वह रोती हुई भी दिखाई दी. हालांकि, जांच के दौरान उसकी गतिविधियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की, जिसमें मामले का खुलासा हो गया.
पुलिस ने आरोपी भाणीबेन पामक को गिरफ्तार कर लिया है. उसके घर से लूटे गए सोने के गहने बरामद किए गए हैं. इसके अलावा, हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार हंसिया भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story