भारत
रेस्टोरेंट में घुसकर फायरिंग, वेटर की मौत; गैंगस्टर प्रिंस खान ने मांगी थी एक करोड़ की रंगदारी
jantaserishta.com
8 March 2026 8:50 AM IST

x
बताया जा रहा है कि अपराधी रेस्टोरेंट मालिक की हत्या के इरादे से पहुंचे थे.
रांची: झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार रात करीब दो अपराधियों ने एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटॉस रेस्टोरेंट के भीतर अंधाधुंध फायरिंग की। घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनीष गोप के रूप में हुई है, जो रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था।
बताया जा रहा है कि अपराधी रेस्टोरेंट मालिक राजकुमार गोप की हत्या के इरादे से पहुंचे थे। उन्हें 25 दिसंबर को गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक करोड़ की रंगदारी के लिए धमकी दी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वारदात के पीछे प्रिंस खान का गिरोह हो सकता है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना को दो अपराधियों ने अंजाम दिया, जो बाइक से रात करीब 8.30 बजे रेस्टोरेंट पहुंचे थे।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक आरोपी बाइक स्टार्ट कर सड़क किनारे खड़ा रहा, जबकि दूसरा आरोपी रेस्टोरेंट के अंदर घुस गया और वहां फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। इसी दौरान एक गोली मनीष गोप के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग होते ही रेस्टोरेंट के अंदर अफरातफरी मच गई।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से बाहर निकला और बाइक पर बैठे अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया। घटना के बाद रेस्टोरेंट के कर्मचारी घायल मनीष गोप को राज अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच के दौरान वहां से गोली के तीन खोखे बरामद किए हैं।
होटल सहित आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान भी तेज कर दिया है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है, हालांकि देर रात तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली थी।
रेस्टोरेंट संचालक राज कुमार गोप ने आशंका जताई है कि हमलावर संभवतः उन्हें निशाना बनाने आए थे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 25 दिसंबर को प्रिंस खान के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में उन्होंने स्थानीय पुलिस से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत की थी, जिसके बाद एयरपोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया था।
राज कुमार गोप के मुताबिक, रंगदारी की शिकायत के बाद उन्हें कुछ समय के लिए पुलिस सुरक्षा भी दी गई थी, लेकिन बाद में बॉडीगार्ड वापस ले लिया गया। उनका कहना है कि रंगदारी मांगने के बाद से उन्हें लगातार धमकी भरे फोटो और वीडियो भी भेजे जाते रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रंगदारी के एंगल से भी घटना को जोड़कर देखा जा रहा है।
Tagsरांचीएयरपोर्ट थाना क्षेत्ररेस्टोरेंट में घुसकर फायरिंगफायरिंगRanchiAirport police station areafiring after entering the restaurantfiring
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





