भारत

गांव के दबंग ने मां-बेटे समेत परिवार पर बरसाईं लाठियां, मारपीट का वीडियो वायरल

SHIDDHANT
31 July 2026 10:43 PM IST
गांव के दबंग ने मां-बेटे समेत परिवार पर बरसाईं लाठियां, मारपीट का वीडियो वायरल
x
वीडियो
Hamirpur हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा गांव में दबंगई का एक मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने मां-बेटे और उन्हें बचाने आए परिवार के सदस्य पर लाठियों से हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद गांव के एक दबंग ने महिला और उसके बेटे पर लाठी से हमला कर दिया। जब महिला का पति अपनी पत्नी और बच्चे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसे भी नहीं बख्शा और उस पर भी लगातार लाठियां बरसाईं। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी काफी देर तक मारपीट करता रहा।




मारपीट की पूरी घटना वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। वीडियो में आरोपी खुलेआम लाठी से हमला करता दिखाई दे रहा है, जबकि पीड़ित खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद घायल महिला अपने परिजनों के साथ मुस्करा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Next Story